Jharkhand News

93 नियमावली के तहत प्रोन्नति दे विभाग : संयुक्त शिक्षक मोर्चा

Share the post

वर्षों से रिक्त प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति दे विभाग : संयुक्त शिक्षक मोर्चा

शिक्षकों के लंबित समस्यायों का जल्द समाधान करे विभाग : संयुक्त शिक्षक मोर्चा

राँची, 03 जून 2024,
झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा के संयोजक विजय बहादुर सिंह एवं अमीन अहमद के नेतृत्व में मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षकों के ग्रेड 4 से ग्रेड 7 तक में प्रोन्नति देने पर सामने आ रही समस्या के समाधान के लिए सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा निदेशक, प्राथमिक शिक्षा, झारखंड को ज्ञापन दिया गया।
मोर्चा ने अपने ज्ञापन में राज्य के राजकीय कृत विद्यालयों में वर्षों से लंबित प्रोन्नति से संबंधित समस्याओं को रखते हुए इसका निराकरण जल्द करने की मांग की है। 93 नियमावली के तहत जिन शिक्षकों की सूची जारी हुई है, उनको ग्रेड 4 से ग्रेड 7 तक की प्रोन्नति दी जाए। इसके तहत सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पत्रांक 866 दिनांक 14/11/23 द्वारा दिये गये मार्गदर्शन के निदेशानुसार राज्य के शिक्षकों को प्रोन्नति देने की मांग की गई।
मोर्चा के प्रदेश संयोजक अमीन अहमद एवं प्रवक्ता अरुण कुमार दास ने कहा कि रांची जिला के मध्य विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 294, पश्चिमी सिंहभूम जिला के 160 पद रिक्त हैं। इसी तरह राज्य के अन्य जिलों में भी प्रधानाध्यापक नहीं हैं। राज्य गठन के पश्चात अब तक प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति लंबित है जिस कारण निकासी एवं व्यययन का कार्य भी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को सौंप दिया गया है, जिससे वेतनादि भुगतान में अनेक कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही है। उक्त संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संयुक्त सचिव नंदकिशोर लाल से भी मिलकर समस्याओं को ध्यानाकृष्ट किया गया। इसके पूर्व संयुक्त सचिव श्री नंदकिशोर लाल ने भी उक्त मामले को त्वरित संज्ञान में लेते हुए दूरभाष पर जिला शिक्षा अधीक्षक, राँची से वार्ता कर समस्याओं के समाधान पर दिशा निर्देश जारी किये थे। उनका स्पष्ट निर्देश था कि जितनी रिक्ति है उसके अनुसार शिक्षकों को ग्रेड- 4 से ग्रेड-7 दिया जाए, उन्होंने यह भी कहा कि रांची जिला के सरकारी मध्य विद्यालय में 294 शिक्षक इसके पात्र हैं अत: वरीयता के अनुसार उन्हें प्रोन्नति यथाशीघ्र दी जाए। उन्होंने उच्च न्यायालय में दायर वाद संख्या 6087/ 2022 विजय बहादुर वर्सेस झारखंड उच्च न्यायालय के केस पर भी गहन चर्चा करते हुए कहा कि 18 जून को निदेशक, प्राथमिक शिक्षा को उच्च न्यायालय में उपस्थित होना है, अतः उसके पहले सभी समस्याओं का समाधान करते हुए शिक्षकों को ग्रेड- 4 से ग्रेड-7 में प्रोन्नति दे दिया जाना चाहिए।
झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा के प्रदेश संयोजक अमीन अहमद एवं विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधि मंडल में सुनील कुमार, राकेश श्रीवास्तव, मक़सूद जफर हादी, मो० फखरुद्दीन, मनोज कुमार गुप्ता, मनोज कुमार सिन्हा, पंकज दुबे, अजय कुमार, अरुण कुमार, ब्रजेश मिश्रा आदि पंकज कुमार, अरुण कुमार आदि शामिल थे।

Leave a Response