All India NewsBlogJharkhand NewsNews

रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा आज से, लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद

Share the post

रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा के लोग होंगे शामिल; जगह-जगह लगाए गए निःशुल्क सेवा शिविर, मेहमानों के इस्तकबाल में जुटे नौजवान

रांची। रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह इज्तेमा रविवार, 15 नवंबर तक चलेगा। इज्तेमा में शामिल होने के लिए विभिन्न इलाकों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार की रात रांची और आसपास के विभिन्न मस्जिदों से बड़ी संख्या में बसों के माध्यम से लोग इज्तेमा स्थल पहुंचेंगे।
इस संबंध में जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने प्रेस को बताया कि यह इज्तेमा रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा समेत पांच जिलों का है, लेकिन इसमें झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा दूसरे इलाकों से भी लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इज्तेमा के अमीर मो. इम्तियाज साहब स्वयं पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले किसी भी मेहमान को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आदिल अजीम ने कहा कि तब्लीगी इज्तेमा का मकसद लोगों को दीन की सही राह पर चलने, आपसी भाईचारा और मोहब्बत को बढ़ावा देने तथा जिंदगी को बेहतर और सही तरीके से गुजारने की सीख देना है। इसके साथ ही इंसानियत, आपसी एकता और अपने वतन से मोहब्बत का पैगाम भी दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि इज्तेमा को लेकर रांची, चान्हो, बलसोकरा, मदरसा चौक और लापुंग समेत पूरे झारखंड में उत्साह और खुशी का माहौल है। हर वर्ग के लोग पूरे जोश और जज्बे के साथ इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। उलेमा, समाजसेवी, नौजवान और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग दिन-रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
आदिल अजीम ने बताया कि इज्तेमा में आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए जगह-जगह निःशुल्क सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां पानी, भोजन और अन्य जरूरी चीजें मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। लोगों में खिदमत का ऐसा जज्बा है कि हर कोई अपनी हैसियत और क्षमता के अनुसार मेहमानों की सेवा में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनकी और नौजवान कमेटी की ओर से भी दर्जनों सेवा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर पानी, कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट, सेब, केला और अन्य फल सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
अंत में जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने इज्तेमा में शिरकत करने पहुंच रहे तमाम मेहमानों का इस्तकबाल करते हुए कहा कि सभी लोगों का स्वागत है। हमारी पूरी कोशिश है कि यहां आने वाले हर शख्स को बेहतर सुविधा मिले और वह इज्तेमा से दीन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम लेकर लौटे।

Leave a Response