रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा को लेकर हर तरफ खुशी का माहौल, जगह-जगह लगाए गए इस्तकबालिया शिविर


नेवरी चौक से गुजरने वाले लोगों के लिए नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस की ओर से चाय, पानी और बैठने का इंतजाम, जाकिर अंसारी और अतहर इमाम सेवा कार्यों में जुटे
रांची। रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा को लेकर राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इज्तेमा में शामिल होने के लिए आने वाले और इज्तेमा से वापस लौटने वाले लोगों की खिदमत के लिए जगह-जगह इस्तकबालिया एवं सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को चाय, पानी और आराम करने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस के रांची जिला अध्यक्ष जाकिर अंसारी की ओर से नेवरी चौक पर विशेष इंतजाम किया गया है। यहां से गुजरने वाले इज्तेमा के मेहमानों के लिए चाय, पानी और बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि सफर के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
इस मौके पर जाकिर अंसारी ने कहा कि तब्लीगी इज्तेमा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि खिदमत, भाईचारे और इंसानियत का भी पैगाम देता है। दूर-दराज से आने वाले मेहमानों की सेवा करना हम सभी के लिए खुशी और सवाब की बात है। हमारी कोशिश है कि इज्तेमा में आने-जाने वाले हर व्यक्ति को बेहतर सुविधा और सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि इस नेक काम में अतहर इमाम समेत कई लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सभी मिलकर मेहमानों की खिदमत में लगे हुए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि इज्तेमा में आने वाले मेहमानों के साथ सहयोग करें और उनकी हरसंभव मदद करें।








