All India NewsBlog

रांची में 5 दिसंबर को होगा इमामों और मुअज्जिनों का अहम सम्मेलन

Share the post

इमामों और मुअज्जिनों की जिम्मेदारियों, अधिकारों एवं समस्याओं पर होगी चर्चा, समाधान के लिए सामूहिक कार्ययोजना बनाने पर होगा विचार

रांची। तहफ्फुज-ए-इमाम, मसाजिद व मुअज्जिनीन, रांची, झारखंड के तत्वावधान में आगामी 5 दिसंबर 2026, शनिवार को सुबह 10 बजे मेन रोड स्थित अंजुमन प्लाजा हॉल में एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
सम्मेलन का मुख्य विषय ”मस्जिदों के इमामों और मुअज्जिनों की जिम्मेदारियां, अधिकार एवं उनके समक्ष आने वाली समस्याएं” रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य इमामों और मुअज्जिनों के
धार्मिक एवं सामाजिक महत्व, उनके अधिकारों और उन्हें पेश आ रही समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श करना तथा उनके समाधान के लिए एक मजबूत सामूहिक कार्ययोजना तैयार करना है। संस्था के अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल हसीब और इजलास के संरक्षक हुसैन खान ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हजरत मुफ्ती सनाउल्लाह कासमी (दारुल कजा व महाकिम, इमारत-ए-शरिया, ओडिशा) होंगे।
यह सम्मेलन जमीयत उलेमा हिंद, मजलिस उलेमा झारखंड और इमारत-ए-शरिया रांची के जिम्मेदारों की निगरानी में आयोजित किया जाएगा। वहीं, रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष हुसैन खान इस सम्मेलन के संरक्षक हैं। आयोजकों की ओर से झारखंड के प्रतिष्ठित उलेमा, बुद्धिजीवियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मिल्ली एवं सामाजिक संगठनों के जिम्मेदारों, विभिन्न पंचायतों के सम्मानित प्रतिनिधियों और आम लोगों से बिना किसी भेदभाव के सम्मेलन में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में इमामों और मुअज्जिनों की धार्मिक, मिल्ली एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के संबंध में मार्गदर्शन और उनके मसलों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

Leave a Response