पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क


गठबंधन प्रत्याशी सविता महतो को समर्थन देने की अपील
विशेष संवाददाता
रांची/ईचागढ़। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय व कांग्रेस नेत्री यशस्विनी सहाय ने बुधवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया।
श्री सहाय ने महागठबंधन की प्रत्याशी सविता महतो (झामुमो) के पक्ष में समर्थन देने की अपील की।
मौके पर श्री सहाय ने कहा कि महागठबंधन की सरकार के कार्यकाल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो मील का पत्थर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के प्रत्याशी जनहित में किए गए कार्यों के आधार पर जनता से समर्थन माग रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेत्री यशस्विनी सहाय ने महागठबंधन की महिला उम्मीदवार को विजयी बनाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में सहभागिता निभाने की अपील की। सुश्री सहाय ने कहा कि महागठबंधन के प्रत्याशी जनहित के प्रति समर्पित हैं। जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहती हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि को विधानसभा चुनाव में विजयी बनाकर भेजें। लोकतंत्र के सशक्तिकरण के लिए ऐसे प्रत्याशियों का चुनाव में जीतना जरूरी है।
इस अवसर पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, बीस सूत्री उपाध्यक्ष अघोर प्रसाद महतो, सरायकेला खरसावां के मीडिया प्रभारी पशुपति बागची, झामुमो कार्यकर्ता पंचानन पातर, बादल महतो, मोहनलाल महतो, शंभू पायलट, मिलन तंतु बाय, मधु गोप, मनोज कुमार मंडल, दुर्योधन गोप, ईश्वर महतो, शिवनाथ गोप, विजय उरांव, गांधी नायक सहित काफी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।
