All India NewsBlog

मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी के बयान को सुनने उमड़ा जनसैलाब, जामा मस्जिद इरबा खचाखच भरी

Share the post

समय की अहमियत, फाइनेंशियल मैनेजमेंट और संगठन की मजबूती पर हजरत ने दिया अहम संदेश; मंजूर अहमद अंसारी बोले- बयान इतना शानदार था कि और सुनने का दिल कर रहा था

रांची। राजधानी रांची के इरबा स्थित जामा मस्जिद में शुक्रवार को इल्मी, फिक्री और इस्लाही इजलास के तहत देश के प्रख्यात इस्लामी विद्वान एवं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य हजरत मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी साहब का शानदार खिताब हुआ। हजरत के बयान को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिद पहुंचे। आलम यह रहा कि जामा मस्जिद ऊपर से नीचे तक श्रोताओं से खचाखच भरी रही। बड़ी संख्या में लोग हजरत का बयान सुनने के लिए काफी पहले ही मस्जिद पहुंच चुके थे।
मलिस-ए-उलेमा झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजरत मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी ने अपने संबोधन में समय की पाबंदी और समय की अहमियत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंसान को अपनी जिंदगी के हर पल की कद्र करनी चाहिए और समय का सही इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने फाइनेंशियल मैनेजमेंट, आर्थिक मामलों की बेहतर योजना, संस्थाओं और संगठनों की मजबूती तथा समाज की बेहतरी के लिए सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने की जरूरत पर महत्वपूर्ण बातें रखीं।
हजरत ने अपने इल्मी और इस्लाही अंदाज में लोगों का मार्गदर्शन करते हुए समाज के लोगों को अपनी जिम्मेदारियों को समझने, बेहतर योजना के साथ काम करने और सामूहिक रूप से सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी। उनके प्रभावशाली संबोधन को लोगों ने पूरी तवज्जो और खामोशी के साथ सुना।
इस मौके पर ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि हजरत का बयान इतना शानदार और दिल को छू लेने वाला था कि उन्हें और सुनने का दिल कर रहा था। उनकी बातें इतनी प्रभावशाली थीं कि ऐसा लग रहा था कि हजरत कुछ देर और अपनी बातों से नवाजते रहें।
हजरत मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी साहब का कार्यक्रम में शानदार इस्तकबाल किया गया। इस अवसर पर ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष मंजूर अहमद अंसारी, सईद अंसारी, अनवार अंसारी, मुफ्ती वसीउर्रहमान, मजलिस-ए-उलेमा झारखंड के अध्यक्ष मुफ्ती सलमान कासमी, महासचिव मौलाना समीउल हक मजाहिरी, मुफ्ती अबु ओबैदा, फिरोज अंसारी, खुर्शीद हसन रूमी सहित मजलिस की पूरी टीम और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम के बाद हजरत मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी साहब, मंजूर अहमद अंसारी के साथ छोटानागपुर वीवर्स रिजनल हैण्डलूम तशरीफ ले गए, जहां उन्होंने चाय पी। इस दौरान उन्होंने दुआओं से नवाजा और फिर वहां से रवाना हुए।
मजलिस-ए-उलेमा झारखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही। हजरत के प्रभावशाली खिताब से लोगों को इल्मी, फिक्री और इस्लाही मार्गदर्शन हासिल हुआ।

Leave a Response