कुलहाड़ी शाह बाबा दरगाह में मुहर्रम के अवसर पर चादरपोशी 17 जून से, प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांग


रांची, प्रतिनिधि। मेन रोड स्थित कुलहाड़ी शाह बाबा (रह.) दरगाह, करबला ट्रस्ट में मुहर्रम 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
दरगाह कमेटी के महासचिव अकीलुर रहमान ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दरगाह में मुहर्रम के अवसर पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 जून से 27 जून तक बड़ी संख्या में अकीदतमंदों का दरगाह में आना-जाना रहेगा। विशेष रूप से 17 जून को दोपहर 2 बजे से चादरपोशी, कुरानख्वानी और लंगर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
अकीलुर रहमान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अकीदतमंदों की भारी भीड़ को देखते हुए हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को पत्र सौंपकर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि दरगाह कमेटी प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी और सभी कार्यक्रम आपसी सौहार्द एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराए जाएंगे। दरगाह प्रबंधन ने अकीदतमंदों से भी कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।








