ट्रूवो के नए कॉरपोरेट कार्यालय का शुभारम्भ, डिजिटल इंडिया के विजन को मिलेगी गति : विक्रम कुमार


रांची। सिन्सिवो टेक्नोलाजिज प्राइवेट लिमिटेड
द्वारा संचालित ट्रूवो ने रांची में नए कॉरपोरेट कार्यालय का शुभारम्भ सोमवार को हरमू रोड स्थित वी मार्ट के ऊपरी तल्ले पर किया। उद्घाटन के पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में कंपनी के सीईओ विक्रम कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में ट्रूवो की शुरुआत टियर-2 और टियर-3 शहरों में मौजूद डिजिटल अंतर को कम करने के उद्द्देश्य से हुई। उन्होंने रांची को अपनी कर्मभूमि बनाया।

उनका मानना था कि भारत की वास्तविक डिजिटल क्षमता छोटे शहरों में छिपी हुई है, जहां गुणवतापूर्ण डिजिटल सेवाओं की अभी भी व्यापक आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि एक क्षेत्रीय इंटरनेट सेवा प्रदाता के रूप में शुरु हुई यात्रा आज ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, एंटरप्राइज नेटवर्किंग, वीडियो सर्विलांस, डिजिटल सुरक्षा और स्मार्ट ऑटोमेशन समाधानों तक विस्तारित हो चुकी है। ट्रूवो ने ऐसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है, जहां डिजिटल पहुंच अभी भी चुनौती बनी हुई है।

ट्रूवो ने मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, पटना और रांची सहित कई प्रमुख शहरों में अपने नेटवर्क और तकनीकी क्षमता को मजबूत किया है। जिससे देशभर में ग्राहकों, व्यवसायों और संस्थानों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि भारत का डिजिटल भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि गुणवत्तापूर्ण कनेक्टिविटी देश के हर शहर, कस्बे, गांव, संस्थान तक पहुंचे। ट्रूवो जैसी पहल यह दर्शाती है कि सरकार की डिजिटल दृष्टि और निजी क्षेत्र के प्रयास मिलकर डिजिटल समावेशन को गति दे सकते हैं, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं और डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की अगली डिजिटल क्रांति महानगरों से नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों से आएगी। कनेक्टिविटी, डिजिटल शिक्षा, सुरक्षा और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभी बहुत कार्य किया जाना बाकी है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छोटे शहरों के लोगों को भी वही डिजिटल अवसर मिलें जो बड़े शहरों में उपलब्ध है। इस अवसर पर केनरा बैंक के रीजनल हेड उत्तम कुमार, केनरा बैंक के डिवीजनल मैनेजर कश्यप वरुण, ट्रूवो की डायरेक्टर आयुषी,राकेश कुमार, निशा, अंकुर सहित अन्य उपस्थित थे।








