कांग्रेस नेतृत्व से गुहार, शहज़ादा अनवर को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जाए


झारखंड से राज्यसभा में शहज़ादा अनवर को प्रतिनिधित्व देने की अपील: मौलाना कुतुबुद्दीन
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री शहज़ादा अनवर को आगामी राज्यसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में राजधानी रांची के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं बुद्धिजीवी वर्गों के प्रतिनिधियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपकर शहज़ादा अनवर को राज्यसभा भेजने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहज़ादा अनवर लंबे समय से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न अवसरों पर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहज़ादा अनवर ने झारखंड में युवाओं, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों और वंचित समुदायों के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका व्यापक राजनीतिक अनुभव, जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता तथा संगठन के प्रति समर्पण उन्हें राज्यसभा के लिए एक मजबूत और योग्य उम्मीदवार बनाता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में यदि कांग्रेस पार्टी शहज़ादा अनवर को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाती है तो इससे न केवल पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य के विभिन्न सामाजिक वर्गों का विश्वास भी कांग्रेस के प्रति और अधिक मजबूत होगा। साथ ही राज्यसभा में झारखंड से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया कि जून 2026 में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए शहज़ादा अनवर को कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मौलाना कुतुबुद्दीन रिज़वी, कारी अयूब रिज़वी, शहर काज़ी मौलाना मसूद फरीदी, अकीलुर्रहमान, मौलाना शमशाद आलम, हाफिज मोजिबुर्रहमान, सुहेल अहमद, मौलाना वारिस जमाल, हाफिज अनवर, मौलाना नूर आलम और मौलाना फारूक सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।








