All India NewsNews

इमामों के हक, सम्मान और बेहतर हालात के लिए उलमा का इत्तेहाद जरूरी : मौलाना तहजीबुल हसन

oplus_11534336
Share the post
oplus_11534336

उलमा के आपसी इत्तेहाद से ही दूर होंगी समस्याएं, सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील

रांची। झारखंड सुन्नी वक्फ़ बोर्ड के सदस्य मस्जिद जाफरिया रांची के इमाम व खतीब हजरत मौलाना सैयद तहजीबुल हसन रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आगामी 5 दिसंबर 2026 को रांची में आयोजित होने वाला तहफ्फुज-ए-अइम्मा-ए-मसाजिद सम्मेलन एक सराहनीय और समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। तहफ्फुज-ए-अइम्मा-ए-मसाजिद के सदर मुफ्ती अब्दुल हसीब साहब निश्चित रूप से मुबारकबाद के हकदार हैं कि उन्होंने मस्जिदों के इमामों और खतीबों के हालात, उनकी समस्याओं और उनके अधिकारों को समझने, जानने तथा समाज के सामने रखने की आवश्यकता महसूस की। यह पहल काफी पहले होनी चाहिए थी, क्योंकि शहर में कई बड़े केंद्रीय और सामाजिक संस्थान मौजूद हैं, लेकिन इस दिशा में अब तक अपेक्षित प्रयास नहीं हो सका।

oplus_11534336


मौलाना सैयद तहजीबुल हसन रिजवी ने कहा कि अल्लाह की तौफीक के बिना कोई भी व्यक्ति नेक काम की शुरुआत नहीं कर सकता। मुफ्ती अब्दुल हसीब साहब को अल्लाह ने इस महत्वपूर्ण विषय की ओर ध्यान देने की तौफीक अता फरमाई है। अब हम सभी इमामों, खतीबों, मुअज्जिनों और मस्जिदों के जिम्मेदारों की जिम्मेदारी है कि वे बड़ी संख्या में सम्मेलन में पहुंचें और अपनी समस्याओं तथा हालात से रूबरू हों। मौलाना तहज़ीबुल हसन ने कहा कि मुस्लिम समाज में अपने इमाम और खतीब का सम्मान हमेशा से रहा है और आगे भी रहना चाहिए। लेकिन जरूरत इस बात की है कि उलेमा और धार्मिक नेतृत्व आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट हों। यदि उलेमा एक मंच पर आकर संगठित तरीके से काम करें तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। आज जरूरत मातम और शिकायतों तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि ऐसे सकारात्मक प्रयासों की है, जिनसे समाज में उलेमा के सम्मान और उनके अधिकारों को मजबूती मिले।
उन्होंने कहा कि मुफ्ती अब्दुल हसीब साहब और उनकी पूरी टीम इस प्रयास के लिए बधाई की पात्र है। दुआ है कि अल्लाह तआला उनकी इस कोशिश को कबूल फरमाए और उलेमा की जमात में इत्तेहाद व एकजुटता पैदा करे। उन्होंने कहा कि दूसरों की कद्र करना सीखिए, अल्लाह तआला आपकी कद्र और इज्जत में भी इजाफा फरमाएगा।
मौलाना ने आगे कहा कि 5 दिसंबर 2026 को रांची में होने वाले इस ऐतिहासिक सम्मेलन को सफल बनाकर पूरी मिल्लत को एक सकारात्मक संदेश देने की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज कई मस्जिदों और मदरसों में उलेमा को उनकी उचित हैसियत और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। कई जगहों पर उन्हें ऐसे हालात का सामना करना पड़ रहा है, जहां वे अपने ही संस्थानों में मजबूर और अधीन होकर रह गए हैं। यह स्थिति किसी भी तरह उचित नहीं है और इसमें बदलाव जरूरी है।
उन्होंने तमाम उलमा, इमामों, खतीबों, मुअज्जिनों और मस्जिदों के जिम्मेदारों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आएं। एकता, आपसी सम्मान और संगठित प्रयास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब उलेमा एकजुट होकर समाज के सामने अपनी बात रखेंगे, तभी उनकी समस्याओं का समाधान और उनके सम्मान की रक्षा संभव हो सकेगी।

Leave a Response