राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस पर बुनकरों को बढ़ावा देने पर जोर


छोटानागपुर हैंडलूम एंड खादी वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड में आयोजित हुआ कार्यक्रम, सरकारी संस्थानों में हस्तकरघा उत्पादों की खरीद की उठी मांग

रांची, 7 अगस्त।
राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को द छोटानागपुर हैंडलूम एंड खादी वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड, इरबा (रांची) के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंजूर अहमद अंसारी ने की। इस अवसर पर यूनियन से संबद्ध विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, प्रतिनिधिगण तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंजूर अहमद अंसारी ने राष्ट्रीय स्तर पर हस्तकरघा व्यवसाय से जुड़े बुनकरों की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि हस्तकरघा से निर्मित वस्त्रों की खरीद और उपयोग को सरकारी अस्पतालों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों तथा सरकारी कार्यालयों में प्राथमिकता दी जाए, ताकि बुनकरों को नियमित रोजगार और उचित बाजार उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि हस्तकरघा उद्योग देश की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ लाखों परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में इस क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष शरीफ अंसारी, पूर्व अध्यक्ष अनवार अहमद अंसारी, फिरोज अंसारी, नसीम अंसारी, परवेज आलम, इरफान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन यूनियन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी इश्तियाक अहमद ने किया। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक बुनकरों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा हस्तकरघा उत्पादों के उत्पादन और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। अंत में कुटटे प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।








