All India NewsBlogJharkhand NewsRanchi JharkhandRanchi Jharkhand NewsRanchi News

मरहूम हाजी हुसैन अंसारी साहब के नाम पर हो मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना : तनवीर अहमद

Share the post

रांची, 30 जुलाई।
सामाजिक कार्यकर्ता तनवीर अहमद ने झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना का स्वागत करते हुए इसे अल्पसंख्यक समाज के गरीब और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए एक ऐतिहासिक और उम्मीद जगाने वाला कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि यह योजना कई वर्षों से लंबित थी और यह झारखंड सरकार के पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मरहूम हाजी हुसैन अंसारी साहब की ड्रीम योजना रही है। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने का सपना देखा था। आज इस योजना के लागू होने से उनका वह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

तनवीर अहमद ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जनाब हाफ़िज़ुल हसन साहब ने इस योजना को ज़मीन पर उतारकर यह संदेश दिया है कि अगर नीयत साफ़ हो तो तालीम के ज़रिए गरीब परिवारों की ज़िंदगी बदली जा सकती है। इल्म और तालीम किसी भी समाज की सबसे बड़ी दौलत और सबसे मज़बूत बुनियाद होती है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मिलने वाली निःशुल्क (फ्री) कोचिंग से उन गरीब और मेहनती छात्र-छात्राओं को बड़ा सहारा मिलेगा, जो आर्थिक तंगी की वजह से JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की अच्छी तैयारी नहीं कर पाते थे। इससे अल्पसंख्यक समाज के नौजवानों को अपने ख़्वाब पूरे करने, सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने और अपने परिवार व समाज का नाम रोशन करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

तनवीर अहमद ने झारखंड सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग भी की। उन्होंने कहा कि चूँकि यह योजना मरहूम हाजी हुसैन अंसारी साहब की ड्रीम योजना थी, इसलिए इस योजना का नाम बदलकर “मरहूम हाजी हुसैन अंसारी अल्पसंख्यक कोचिंग योजना” रखा जाए। इससे उनके शिक्षा और समाज की ख़िदमत के योगदान को स्थायी सम्मान मिलेगा और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियाँ भी जान सकेंगी कि अल्पसंख्यक समाज के गरीब बच्चों की तालीम और तरक़्क़ी के लिए मरहूम हाजी हुसैन अंसारी साहब ने जो सपना देखा था, उसे झारखंड सरकार ने पूरा किया।

अंत में तनवीर अहमद ने झारखंड सरकार, माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जनाब हाफ़िज़ुल हसन साहब को इस जनहितकारी पहल के लिए दिल से मुबारकबाद और शुक्रिया दिया तथा अल्पसंख्यक समाज के सभी योग्य छात्र-छात्राओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जारीकर्ता:
तनवीर अहमद
सामाजिक कार्यकर्ता
6299848424

Leave a Response