Blog

कृषि,पशुपालन व सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र का किया औचक निरीक्षण

Share the post

मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की ली जानकारी
मत्स्य बीज उत्पादन, मत्स्य पालन की विधियों सहित निदेशालय की अन्य गतिविधियों से हुईं अवगत
महिला मत्स्यपालक से बातचीत कर मत्स्यपालन के लिए किया प्रेरित

*विभागीय अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

विशेष संवाददाता
रांची। कृषि, पशुपालन व सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को शालीमार (धुर्वा) स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य निदेशालय के अधिकारियों से मत्स्यपालन के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य संपोषित योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। मौके पर मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र के मुख्य अनुदेशक प्रशांत कुमार दीपक ने उन्हें विभागीय योजनाओं और मत्स्य बीज उत्पादन से लेकर मत्स्य पालन की नवीनतम तकनीक से अवगत कराया। मंत्री श्रीमती सिंह ने प्रशिक्षण केंद्र स्थित हैचरी का भी निरीक्षण किया। वह मत्स्य बीज उत्पादन के आधुनिकतम तकनीक से भी रूबरू हुईं।


निरीक्षण के क्रम में माननीय मंत्री ने अकस्मात लाभुक से बातचीत कर विभागीय गतिविधियों की स्थिति से अवगत होने की इच्छा व्यक्त की। उनके निर्देशानुसार पिस्का-नगड़ी निवासी महिला मत्स्यपालक स्मिता रंजन से दूरभाष पर विभागीय अधिकारियों द्वारा बात कराई गई। महिला लाभुक स्मिता से माननीय मंत्री ने बातचीत कर विभाग द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण व अन्य सहयोग के बारे में पूछा। महिला लाभुक ने बताया कि वह पहले घरेलू महिला थी। आसपास रहने वाली अन्य महिलाओं की सलाह पर उन्होंने मत्स्य प्रशिक्षण केंद्र में संपर्क किया। वहां विभागीय अधिकारियों ने उन्हें भरपूर सहयोग किया। साथ ही रंगीन मछली पालन के लिए उन्हें प्रेरित किया। स्मिता ने मंत्री महोदया को बताया कि रंगीन मछली पालन से प्रतिमाह उन्हें पांच से पन्द्रह हजार रुपए तक की आमदनी हो जाती है। आमदनी बढ़ने पर उन्होंने एक ब्यूटी पार्लर भी खोल लिया है। मंत्री ने स्मिता को मत्स्य पालन को ही मुख्य पेशा बनाकर इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्हें मत्स्य पालन करने की सलाह दी।
श्रीमती सिंह ने मत्स्य निदेशालय के कार्यों की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों को महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।


इस अवसर पर सहायक मत्स्य निदेशक (अनुसंधान) जयंत रंजन, मत्स्य निदेशालय कर्मी अलका कच्छप, सीमा टोप्पो, स्वर्णलता मधु लकड़ा, मंजूश्री तिर्की सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Response