मांडर में 21 नवंबर को महिलाओं का भव्य इस्लाही एवं शैक्षणिक सम्मेलन, मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी करेंगे खिताब


मदरसा इस्लामिया महमूदिया में होगा आयोजन, शैक्षणिक कार्यक्रम भी होगी आयोजित

रांची:(आदिल रशीद) महिलाओं और छात्राओं की दीनी व शैक्षणिक रहनुमाई, इस्लामी तालीम, समाज सुधार और धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मदरसा इस्लामिया महमूदिया सुरसा मुड़मा के तत्वावधान में 21 नवंबर 2026, शनिवार को एक भव्य इस्लाही एवं शैक्षणिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मदरसा इस्लामिया महमूदिया, सुरसा, मुड़मा, मेसाल, मांडर, रांची के प्रांगण में आयोजित होगा। मदरसा के मौलाना अब्दुल जलील, मौलाना ताहा, मौलाना अतीक, मुफ्ती तल्हा, कारी सोहेब अहमद, हाजी शमशेर ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सक्रिय सदस्य, प्रख्यात इस्लामी विद्वान हजरत मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी साहब की विशेष आमद होगी। मौलाना, हजरत पीर जुल्फिकार अहमद नक्शबंदी रहमतुल्लाह अलैह के खलीफा एवं मुजाज हैं। देशभर में अपनी इल्मी, फिक्री, इस्लाही और मिल्ली सेवाओं के लिए मशहूर मौलाना इस अवसर पर महिलाओं एवं छात्राओं को विशेष रूप से संबोधित करेंगे।
सम्मेलन में महिलाओं की दीनी तालीम की अहमियत, इस्लामी तरबियत, इस्लाह-ए-अखलाक, पारिवारिक जीवन और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि महिलाओं की धार्मिक एवं नैतिक शिक्षा से परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इसी मुबारक अवसर पर मदरसा इस्लामिया महमूदिया के होनहार हाफिजों के माध्यम से खत्म-ए-कुरआन शरीफ की रूहानी तकरीब भी आयोजित की जाएगी। इस दौरान कुरआन-ए-करीम हिफ्ज करने की सआदत हासिल करने वाले हाफिजों की हौसला अफजाई की जाएगी।
मदरसा इस्लामिया महमूदिया के इंतजामिया ने तमाम महिलाओं, छात्राओं और अहले खैर से अपील की है कि वे इस मजलिस में अधिक से अधिक संख्या में शरीक होकर कार्यक्रम को कामयाब बनाएं और दीनी व शैक्षणिक जागरूकता के इस पैगाम को आम करने में अपना योगदान दें।विशेष व्यवस्था: सम्मेलन में शामिल होने वाली महिलाओं एवं छात्राओं के लिए दोपहर के भोजन का माकूल इंतजाम रहेगा।








