दिल्ली कांग्रेसमय, देशभर के कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब, झारखंड से 10 हजार कार्यकर्ता पहुंचे


रामलीला मैदान में जन महाभियोग के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, सूर्यकांत शुक्ला, डॉ. मो. तौसीफ, विशाल सिंह, नरेंद्र लाल गोपी एवं राकेश तिवारी सहित झारखंड के कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि दिल्ली पूरी तरह देशभर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कांग्रेसमय हो गई है। झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 10 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं। रामलीला मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में झारखंड के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान में नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नेताओं ने जन महाभियोग के समर्थन में नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू एवं कांग्रेस प्रवक्ता अभय दूबे,काजी निजामुद्दीन,अजय उपाध्याय से भी मुलाकात की।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि देश की आजादी के बाद यह पहला अवसर है, जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जन महाभियोग की पहल करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर देशभर के कार्यकर्ताओं की सामूहिक आवाज है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से उमड़ा जनसैलाब है। महिला, पुरुष, युवा और कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह और भागीदारी यह दर्शाती है कि लोकतांत्रिक मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड के सभी जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। दिल्ली की सड़कों से लेकर रामलीला मैदान तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिल रही है। कार्यकर्ता अनुशासित तरीके से विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी बात रख रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव का बयान
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि दिल्ली में देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों को लेकर उनकी सक्रियता को दर्शाता है। झारखंड से हजारों कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि राज्य के कांग्रेस कार्यकर्ता भी इस अभियान में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। यह सिर्फ रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र से जुड़े सवालों पर देशव्यापी भागीदारी का मंच है।
डॉ. राजेश गुप्ता का बयान
प्रदेश कांग्रेस नेता डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसमूह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह और एकजुटता को प्रदर्शित करता है। देश के विभिन्न राज्यों से महिला, पुरुष और नौजवान बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। झारखंड के कार्यकर्ता भी पूरे उत्साह के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और मताधिकार की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर कार्यकर्ता अपनी आवाज उठा रहे हैं।
डॉ. मो. तौसीफ ने कहा कि दिल्ली में उमड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जनसैलाब लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रति देशभर के कार्यकर्ताओं के उत्साह, एकजुटता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।








