All India NewsBlog

कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं, दोषियों की हो जल्द गिरफ्तारी : जमीयत उलेमा झारखंड

Share the post

चतरा के बड़गांव में मृतक इमरोज अंसारी के परिजनों से मिला जमीयत का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच और शांति बनाए रखने की अपील

रांची/चतरा, 5 अगस्त। जमीयत उलेमा-ए-हिंद झारखंड के महासचिव अलहाज शाह उमैर के निर्देश पर जमीयत उलेमा झारखंड का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चतरा जिले के बड़गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने कथित भीड़ हिंसा में जान गंवाने वाले मो. इमरोज अंसारी, पिता सुल्तान अंसारी, के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पूरे मामले की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कारी मुमताज़ ने किया। उनके साथ मौलाना इरशाद और मौलाना मुबीन आदि मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ-साथ धरना स्थल पर मौजूद लोगों से भी बातचीत की। इसके अलावा क्षेत्र के थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी एवं एसडीपीओ से मिलकर पूरे मामले पर चर्चा की। जमीयत उलेमा झारखंड के महासचिव अलहाज शाह उमैर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। किसी भी परिस्थिति में मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी पर कोई आरोप है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए, न कि भीड़ के हिंसक रवैये से।
उन्होंने जिला प्रशासन से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा जो भी दोषी हों, उन्हें कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए। साथ ही मामले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। जमीयत उलेमा झारखंड ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा तैयार की जा रही तहकीकी रिपोर्ट जल्द ही जमीयत उलेमा-ए-हिंद के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, ताकि आगे आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
प्रतिनिधिमंडल कारी मुमताज़ ने सभी पक्षों से शांति, संयम और कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Response