रोटरी मीन्स बिजनेस से झारखंड-बिहार में व्यापार और सेवा का नया इकोसिस्टम बनेगा: अनु नारंग


कनिका मल्होत्रा बनी रांची चैप्टर की चेयरपर्सन
रांची: रोटरी इंटरनेशनल ने व्यापार, रोजगार और समाज सेवा को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए झारखंड-बिहार में पहली बार रोटरी मीन्स बिजनेस की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत रांची से होगी, जहां पहला आरएमबी चैप्टर स्थापित किया जाएगा। कनिका मल्होत्रा को रांची चैप्टर का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने कहा कि आरएमबी का उद्देश्य रोटेरियन्स, उद्यमियों, व्यवसायियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स को एक विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां आपसी सहयोग, रेफरल और व्यापारिक अवसरों के माध्यम से सभी एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार बन सकें। उन्होंने कहा कि रांची से शुरू होने वाला यह चैप्टर आने वाले समय में पूरे झारखंड और बिहार में व्यापारिक सहयोग, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास का नया मॉडल बनेगा। रोटरी क्लब रांची के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि आरएमबी केवल बिजनेस नेटवर्क नहीं, बल्कि व्यापार, विश्वास, नैतिकता और समाज सेवा पर आधारित एक सशक्त इकोसिस्टम है। इसके माध्यम से सदस्य एक-दूसरे के व्यवसाय को समझेंगे और नैतिक मूल्यों के आधार पर नए व्यापारिक अवसर विकसित करेंगे। पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आरएमबी में रोटरी के मूल सिद्धांतों और फोर वे टेस्ट को व्यापारिक गतिविधियों का आधार बनाया जाएगा, जिससे झारखंड और बिहार के उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स को लाभ मिलेगा।
पीडीजी जोगेश गंभीर ने कहा कि अनुभवी रोटेरियन व्यवसायी और प्रोफेशनल्स युवा उद्यमियों व स्टार्टअप्स को मेंटरशिप प्रदान करेंगे, जिससे नए व्यवसाय शुरू करने और उन्हें आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। रोटरी इमेज चेयरमैन प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि इस पहल से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों को नए ऑर्डर, रेफरल, व्यावसायिक साझेदारी और बाजार तक पहुंच के अवसर मिलेंगे, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार का सृजन होगा। कार्यक्रम में मनोज तिवारी, गौरव बागरॉय, अतुल अग्रवाल, प्रो. अनंत कुमार, प्रकाश सरावगी, अशफाक, डॉ. अनिर्बन सान्याल, रजत बहल और रोहन सूद सहित कई रोटेरियन्स उपस्थित रहे








