28 जून को आयोजित होगा अल्पसंख्यक अधिकार सम्मेलन, तैयारियां पूरी : अब्दुल्लाह अज़हर कासमी


समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा
रांची। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस उलेमा झारखंड के तत्वावधान में आगामी 28 जून 2026 को “अल्पसंख्यक अधिकार सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। पिछले सप्ताह स्वागत समिति का गठन भी किया गया था और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं बुद्धिजीवी वर्गों से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित किया जा चुका है। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस उलेमा झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह अज़हर कासमी ने कहा कि इस सम्मेलन में अल्पसंख्यकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में मुस्लिम, सिख, ईसाई, बुद्धिज़्म तथा अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक, सामाजिक और बौद्धिक प्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के संस्थापक एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक जयराम कुमार महतो को आमंत्रित किया गया है। उनके माध्यम से झारखंड विधानसभा में अल्पसंख्यकों की आवाज़ और समस्याओं को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मौलाना कासमी ने कहा कि झारखंड में अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुस्लिम समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। मॉब लिंचिंग जैसे गंभीर विषयों पर सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके अलावा आलिम और फाज़िल जैसी डिग्रियों को राज्य की विश्वविद्यालयों से कंडक्ट कराने की मांग है। सम्मेलन में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में मुस्लिम समाज राज्य की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 15 से 18 प्रतिशत तक है। चुनाव के समय राजनीतिक दल अल्पसंख्यकों के मुद्दों और अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन बाद में अपने वादों से पीछे हट जाते हैं। सम्मेलन में अल्पसंख्यकों की राजनीतिक भागीदारी और उचित प्रतिनिधित्व पर भी गंभीर मंथन किया जाएगा।
सम्मेलन की एक विशेषता यह भी होगी कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मान प्रदान किया जाएगा ताकि समाज सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनके योगदान को प्रोत्साहन मिल सके।
मौलाना अब्दुल्लाह अज़हर कासमी ने झारखंड के सभी जागरूक नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न वर्गों से सम्मेलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर प्रोफेसर शकील अहमद एलजी, सरफराज अहमद, मास्टर शकील, इम्तियाज अहमद, मकसूद खान समेत कई लोग थे।








