स्कूल यूनिफॉर्म सिलाई यूनिट में लगी आग, मोहल्ले वालों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला


मंगलवार देर रात हुई घटना, लाखों के नुकसान की आशंका
गिरिडीह। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलोडीह फुटबॉल मैदान के पास स्थित “रेयर यूनिकॉर्न” नामक गारमेंट्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में मंगलवार देर रात अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यूनिट में स्कूल यूनिफॉर्म की सिलाई का काम किया जाता था। इस घटना में कपड़े, सिलाई मशीनें और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

बताया गया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे बगल के घर वालों और मोहल्ले के लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखी। इसके बाद तुरंत दुकान मालिक रेहान अख्तर को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए अपने घरों से पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

मोहल्ले वालों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर सही फैसला नहीं लिया जाता तो आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैल सकती थी, जिससे और भी भारी नुकसान होता।

घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।








