All India NewsBlogJharkhand News

विपक्ष एकजुट हो, अल्पसंख्यकों को मिले सम्मानजनक भागीदारी : मौलाना मुशर्रफ कासमी

Share the post

रांची: समाजवादी पार्टी के राज्य अल्पसंख्यक अध्यक्ष तथा इंटरनेशनल पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमैन मौलाना मुशर्रफ जमाल कासमी ने देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, पश्चिम बंगाल की स्थिति, विपक्षी एकता और अल्पसंख्यकों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है। एक विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संघर्ष और राजनीतिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक राज्य की जनता की सेवा की है और आज विपक्षी दलों को उनके अनुभव से सीख लेने की जरूरत है। श्री कासमी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के नाम पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सत्ता और विपक्ष दोनों को संविधान की मर्यादाओं के भीतर रहकर राजनीति करनी चाहिए।


उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा अन्य विपक्षी नेताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए साझा रणनीति बनाने की अपील की। उनका कहना था कि विपक्ष की एकजुटता ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कर सकती है और जनता को एक मजबूत विकल्प प्रदान कर सकती है। झारखंड से राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में मौलाना मुशर्रफ जमाल कासमी ने कांग्रेस नेतृत्व से अल्पसंख्यक समुदाय को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल अल्पसंख्यकों के समर्थन पर निर्भर रहने के बजाय उन्हें निर्णय लेने वाली संस्थाओं और प्रतिनिधि पदों पर भी अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि योग्य अल्पसंख्यक नेताओं की अनदेखी की जाती है तो इसका राजनीतिक असर भविष्य के चुनावों में देखने को मिल सकता है।

श्री कासमी ने कहा कि देश की राजनीति को महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और संविधान निर्माताओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समावेशी और न्यायपूर्ण दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों, समुदायों और क्षेत्रों को समान भागीदारी मिलेगी तभी लोकतंत्र मजबूत होगा और भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर सकेगा।

Leave a Response