Sunday, September 8, 2024
Ranchi News

झारखंड के मत्स्य कृषक भी नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे शामिल

सात मत्स्य कृषक दंपति होंगे समारोह के विशेष अतिथि
निदेशालय के अधिकारियों संग 25जनवरी को हवाई मार्ग से करेंगे प्रस्थान

विशेष संवाददाता
रांची। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में झारखंड के मत्स्य कृषक भी पहली बार शामिल होंगे। इसके लिए मत्स्य निदेशालय, झारखंड की ओर से प्रदेश के सात मत्स्य कृषकों का चयन किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से इन मत्स्य कृषकों को विशेष अतिथि के रूप में सपत्नीक आमंत्रित किया गया है।
इन्हें हवाई मार्ग से नई दिल्ली ले जाया जाएगा। दिल्ली आने-जाने, उनके रहने व खाने की व्यवस्था राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी के सौजन्य से मत्स्य निदेशालय, झारखंड के माध्यम से की गई है।
इस संबंध में मत्स्य निदेशालय, झारखंड के निदेशक डॉ.एचएन द्विवेदी ने बताया कि मत्स्य कृषकों को भारत सरकार की मात्स्यिकी, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा आमंत्रित अतिथि के रूप में मनोनीत किया गया है। टीम का नेतृत्व शंभू प्रसाद यादव,उप मत्स्य निदेशक (जलाशय) व मत्स्य निदेशालय के मुख्य अनुदेशक प्रशांत कुमार दीपक करेंगे। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि पहली बार राज्य के विभिन्न जिलों से मत्स्य कृषक दम्पतियों को गणतंत्र दिवस की झांकी में भाग लेने हेतु आमंत्रित किया गया है। मत्स्य कृषकों के साथ उनकी अर्धांगिनी भी साथ जाएंगी। हवाई जहाज से सभी मत्स्य कृषक 25 जनवरी को दिल्ली जाएंगे एवं 27 को वापस रांची लौटेंगे। हवाई जहाज से दिल्ली यात्रा को लेकर सभी मत्स्य कृषक उत्साहित हैं।


गौरतलब है कि मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धि हासिल करने वाले प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभुक मत्स्य कृषकों को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए चयनित और आमंत्रित किया गया है।
इसमें रांची से बालकृष्ण गंझू, एवं उमेश नायक, लातेहार से लाल जय किशोर नाथ शाहदेव, दुमका से उत्तम केवट, कोडरमा से प्रकाश रविदास, हजारीबाग से पिंटू कुमार यादव, गुमला से ज्योति लकड़ा शामिल हैं।

Leave a Response