All India NewsJharkhand NewsRanchi JharkhandRanchi Jharkhand NewsRanchi News

पूंजीपतियों और बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य रह गया है : सुबोधकांत सहाय

Share the post

रांची/देवघर। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों और पूंजीपतियों की संरक्षक है। निम्न व मध्यम वर्गीय लोगों सहित गरीबों का हक मार कर देश के बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य रह गया है।
श्री सहाय देवघर स्थित परिसदन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अदानी पावर प्लांट को केंद्र की मोदी सरकार ने झारखंड में संयंत्र लगाने के लिए नियम-कायदों को ताक पर रखकर सहयोग किया। अदानी के प्लांट के लिए जिन रैयतों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया, उन्हें समुचित मुआवजा भी नहीं मिला। लोग विस्थापन का दंश झेलने को विवश हैं। विस्थापित पुनर्वास, बिजली, पानी व अन्य बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों को संरक्षण देने के लिए गरीबों का हक मार रही है।
केन्द्र सरकार द्वारा झारखंड में बड़े औद्योगिक घरानों को औने-पौने दाम पर जमीन आवंटित किया गया है। वहीं, दूसरी तरफ रैयतों को नियम संगत सुविधाएं नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण पूरे देश की जनता त्रस्त है। महंगाई पर नियंत्रण लगाने में भाजपा पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि विगत दिनों विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में जनता ने पूरी तरह भाजपा को नकार दिया। आने वाले समय में कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की करारी हार होगी।
श्री सहाय ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड राज्य को कोयले की रॉयल्टी सहित अन्य मदों में बकाया राशि का भुगतान नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बार-बार रिमाइंडर दिए जाने के बावजूद केंद्र सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रहा है।

Leave a Response