All India NewsBlogJharkhand News

युवा राजनीति का शिकार न बनें, शिक्षा और विकास को प्राथमिकता दें: जाकिर अंसारी

Share the post

रांची: नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस (एनएमसी) के रांची जिला अध्यक्ष जाकिर अंसारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि आज देश की युवा पीढ़ी विभिन्न राजनीतिक स्वार्थों का शिकार बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि नफरत, उन्माद और भ्रामक प्रचार के कारण युवाओं का ध्यान शिक्षा, रोजगार और समाज निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से भटक रहा है।

जाकिर अंसारी ने कहा कि राजनीतिक दल अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इसका परिणाम यह हो रहा है कि बड़ी संख्या में युवा शिक्षा से दूर हो रहे हैं और कई बार गलत रास्तों पर जाकर अपने जीवन को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश और समाज की मजबूती तभी संभव है, जब युवा शिक्षा को अपनाएं, सामाजिक एकता को बढ़ावा दें और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनें। युवाओं को नफरत और विभाजनकारी राजनीति से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

जाकिर अंसारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आएं। उन्होंने कहा कि जब युवा जागरूक, शिक्षित और संगठित होंगे, तभी देश मजबूत और विकासशील बनेगा।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें, समाज में भाईचारा और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस युवाओं को जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी।

Leave a Response