All India NewsBlogJharkhand NewsNewsRanchi Jharkhand NewsRanchi News

मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी की दुआओं के साथ मदीना ट्रेवल्स से 139 जायरीन उमरा के लिए रवाना

Share the post

रांची, 31 जुलाई। हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि उसे अपनी जिंदगी में हज और उमरा की सआदत नसीब हो। इसी ख्वाहिश को पूरा करने में पिछले कई वर्षों से मदीना ट्रेवल्स अहम भूमिका निभा रहा है। संस्था के माध्यम से नियमित अंतराल पर उमरा जायरीनों के जत्थे मक्का-मदीना के लिए रवाना किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मदीना ट्रेवल्स के डायरेक्टर मौलाना इलियास मजाहिरी के नेतृत्व में 139 जायरीन का जत्था रांची एयरपोर्ट से उमरा के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने जायरीनों की सलामती, उमरा की कबूलियत तथा मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई।


जायरीनों को विदा करने के लिए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में उनके परिजन, शुभचिंतक और समाज के लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने जायरीनों से देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ करने की अपील की। मौलाना इलियास मजाहिरी ने बताया कि मदीना ट्रेवल्स अपने जायरीनों को उमरा के सभी अरकान अनुभवी उलेमा-ए-कराम की निगरानी में अदा कराता है। इसके अलावा मक्का और मदीना में हरम शरीफ से लगभग 500 मीटर की दूरी पर चार सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था की जाती है। जायरीनों को जियारत, लॉन्ड्री, मेडिकल सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।


उन्होंने बताया कि इस जत्थे में 90 जायरीन धनवार रेलवे स्टेशन से तथा 49 जायरीन रांची एयरपोर्ट से दिल्ली पहुंचेंगे, जहां से सभी 139 जायरीन एक साथ सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे। इस जत्थे में झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, रांची, रामगढ़ और जमशेदपुर के अलावा बिहार, ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के जायरीन शामिल हैं। मौलाना इलियास मजाहिरी ने कहा कि उनकी टीम विशेष रूप से बुजुर्ग एवं दिव्यांग जायरीनों का पूरा ध्यान रखती है, ताकि वे आसानी और इत्मीनान के साथ उमरा के सभी अरकान अदा कर सकें। इस अवसर पर मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी, मौलाना यासीन, कारी असद, मोहम्मद हमदान, बाबा इस्लाम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Response