छात्र आंदोलन का इतिहास फिर से दोहराने का वक्त आ गया है : सुबोधकांत सहाय


छात्रों की गूंज अभियान के तहत स्टूडेंट मैराथन आयोजित
*विजयी प्रतिभागियों को कन्हैया कुमार ने किया सम्मानित
रांची। छात्र आंदोलन का इतिहास फिर से लिखने का वक्त आ गया है। छात्रों की गूंज दिल्ली दरबार में बैठे केंद्र की भाजपा सरकार के कानों तक गूंजने लगी है। इतिहास इस बात का हमेशा गवाह रहा है कि छात्रों की मांगों को जिस किसी ने भी नजरंदाज किया, उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने रविवार को मोरहाबादी मैदान में रांची जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कही। श्री सहाय ने कहा कि राहुल गांधी सर्वमान्य नेता हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करारा जवाब देने में भी सक्षम हैं। उनसे आंख से आंख मिलाकर बात करने वाले राजनेता राहुल गांधी हैं। श्री सहाय ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर और उनका भविष्य संवारने के लिए कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया है। यह गूंज थमने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अहंकार में डूबी केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल कोंगारी, लोकप्रिय छात्र नेता व एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक कन्हैया कुमार, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीब, प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मराबी, रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार राजा, कांग्रेस नेता विनय सिंह दीपू, शिल्पी वर्मा, सौरभ अग्रवाल, अरुण मिश्रा पप्पू, धर्मराज राम, पंकज शर्मा सहित काफी संख्या में युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद थे।
मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ नेता राहुल गांधी ने एक बड़ी लड़ाई का आह्वान किया है। इसी संकल्प के साथ “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की गई है, ताकि देशभर के छात्रों की आवाज़ बुलंद हो सके और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती मिले।

*स्टूडेंट्स मैराथन आयोजित
इसी क्रम में छात्रों की गूंज, रांची द्वारा पेपर लीक के विरोध में स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया।
प्रातः 6 बजे
बापू वाटिका, मोरहाबादी से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, फिरायालाल चौक होते हुए पुनः बापू वाटिका, मोरहाबादी में मैराथन का समापन हुआ।
मैराथन के विजयी प्रतिभागियों को बिरसा हॉस्पिटल, खूंटी (बिरसा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च) की ओर से पुरस्कृत किया गया।








