मोहर्रम 2026 की तैयारी को लेकर 7 जून को होगी अहम बैठक, महासचिव अकीलुर्रहमान ने की सहभागिता की अपील


रांची। मोहर्रम 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सेंट्रल मोहर्रम कमिटी द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आगामी 7 जून 2026, रविवार को अपराह्न 3 बजे किया गया है। यह बैठक मेन रोड स्थित सेंट्रल मोहर्रम कमिटी कार्यालय, मधुबन मार्केट परिसर में आयोजित होगी।
बैठक में रांची के प्रमुख अखाड़ों—धौताल अखाड़ा, इमाम बख्श अखाड़ा और लीलू अली अखाड़ा समेत विभिन्न अखाड़ों के खलीफा, सदर, सेक्रेटरी, कमिटी पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। बैठक में मोहर्रम के जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और अन्य तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
सेंट्रल मोहर्रम कमिटी के महासचिव अकीलुर्रहमान ने सभी अखाड़ों से अपील की है कि वे अपने-अपने पांच प्रतिनिधियों के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों और अपने महत्वपूर्ण सुझाव दें, ताकि मोहर्रम के जुलूस को बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया जा सके।

अकीलुर्रहमान ने कहा कि मोहर्रम की परंपरा, अनुशासन और सौहार्द को बनाए रखने के लिए सभी अखाड़ों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक के आमंत्रण पत्र पर सेंट्रल मोहर्रम कमिटी के अध्यक्ष जावेद गद्दी, महासचिव अकीलुर्रहमान तथा सरपरस्त मो. सईद इदरीसी के हस्ताक्षर हैं। कमिटी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है।








