All India NewsBlog

अंजुमन इस्लामिया रांची चुनाव: संविधान की धारा 21 के तहत पांच सदस्यीय आपत्ति निवारण (आक्षेप) कमिटी का गठन

Share the post

रांची। अंजुमन इस्लामिया चुनाव कन्वीनर हजरत मुफ़्ती मोहम्मद अनवर कासमी ने एक पत्र जारी कर कहा कि अंजुमन इस्लामिया रांची के सम्मानित सदस्यों, पदाधिकारियों और आम लोगों को सूचित किया जाता है कि वर्तमान चुनावी प्रक्रिया के दौरान कुछ परिस्थितियों और कारणों की वजह से मैंने कन्वीनर पद से इस्तीफा दे दिया था।

हालांकि अंजुमन इस्लामिया रांची के सदस्यों, पदाधिकारियों, उलेमा-ए-कराम, सामाजिक जिम्मेदार लोगों और आम जनता ने आपसी मशवरे के बाद इस इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया और मुझसे जिम्मेदारी जारी रखने का आग्रह किया। साथ ही चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आपसी सहमति से आपत्ति निवारण समिति के गठन को लेकर सुझाव देने हेतु तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया। इस समिति में हजरत मौलाना डॉ. तलहा नदवी, प्रसिद्ध समाजसेवी हाजी फिरोज और मशहूर अधिवक्ता अजहर खान एडवोकेट को शामिल किया गया। यह तीन सदस्यीय टीम ने विचार-विमर्श और आपसी परामर्श के बाद आपत्ति निवारण समिति आक्षेप कमिटी के गठन संबंधी अपनी सिफारिशें मुझे सौंपीं। इन्हीं सिफारिशों के आधार पर अंजुमन इस्लामिया रांची के संविधान की धारा 21 के तहत हाफिज जुबैर अहमद, आसिफ खान, नैय्यर शहाबी, अहमद कामिल तथा एडवोकेट वाइजुर्रहमान को शामिल करते हुए पांच सदस्यीय आपत्ति निवारण समिति(आक्षेप) का गठन किया गया है।


इस समिति के कनवीनर एडवोकेट वाइजुर्रहमान होंगे। उल्लेखनीय है कि पहले दो नाम शिकायतकर्ताओं की ओर से दिए गए हैं। उम्मीद है कि आपत्ति निवारण समिति( आक्षेप कमिटी) प्राप्त शिकायतों और आपत्तियों पर तुरंत काम शुरू करेगी तथा यथासंभव जल्द अपनी सिफारिशें और रिपोर्ट कन्वीनर को सौंपेगी।


अंजुमन इस्लामिया रांची से जुड़े सभी संबंधित लोगों से अपील की गई है कि वे चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें। आज आक्षेप कमिटी को पूरी कागज़ात, वोटर लिस्ट, ऑफिस की चाभी मुफ्ती आबू दाऊद ने सौंप दी है। ताकि कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Response