Sunday, September 8, 2024
Ranchi News

ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के नेताओं को टारगेट कर रही भाजपा : रानी कुमारी

विशेष संवाददाता
रांची। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (महिला प्रकोष्ठ) की अध्यक्ष रानी कुमारी ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार गैर-भाजपा शासित राज्यों के ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के नेताओं को टारगेट कर रही है। झूठे, मनगढ़ंत और बेबुनियाद आरोप लगाकर सत्तासीन सरकार को सत्ता से बेदखल करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। देश के संघीय ढांचे को भी छिन्न-भिन्न किया जा रहा है। भाजपा द्वारा गैर भाजपा-शासित राज्य सरकारों को अस्थिर करने की साजिश जारी है।
पहले महाराष्ट्र, फिर बिहार और अब झारखंड में भाजपा द्वारा राज्य सरकार को अस्थिर करने में भाजपा जुटी है।
बिहार में तिकड़म कर राजद-जदयू गठबंधन की सरकार को सत्ता से बेदखल करने में भाजपा सफल रही। लेकिन भाजपा को यह शायद नहीं पता कि लालू प्रसाद यादव द्वारा स्थापित राष्ट्रीय जनता दल का बिहार में जनाधार है। जनता ने तेजस्वी यादव के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। आने वाला समय राजद का होगा।
रानी कुमारी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि श्री सोरेन ने जेल जाना बेहतर समझा, लेकिन भाजपा के आगे नतमस्तक नहीं हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता को हेमंत सोरेन पर पूरा भरोसा है।
रानी ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि यह अजीबोगरीब है कि जमीन घोटाले के मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा कार्रवाई की जा रही है। यह बात भी झारखंड की जनता के गले नहीं उतर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सही को गलत ठहराने के लिए चाहे जितना भी जतन कर ले,राज्य की जनता भाजपा के नापाक मंसूबों को कामयाब होने नहीं देगी। आने वाले समय में बिहार -झारखंड की जनता भाजपा को करारा जबाब देगी।

Leave a Response