कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी


मंत्री हाफिजुल हसन ने ऐसी शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान किया, जिससे समाज, राज्य और देश का विकास हो

उम्मीद हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट ने 600 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
शिक्षा से ही समाज और देश का होगा विकास, छात्रों से आगे बढ़ने का आह्वान

रांची। उम्मीद हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित “फातिमा शेख सम्मान समारोह” में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 600 छात्र-छात्राओं को शील्ड, प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व, सामाजिक उत्थान और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उम्मीद हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के केंद्रीय अध्यक्ष अनवर खान ने ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फातिमा शेख देश की पहली महिला शिक्षिकाओं में से एक थीं और उन्होंने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके नाम पर सम्मान समारोह आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का सपना है कि छात्र-छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज, राज्य और देश का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने उम्मीद ट्रस्ट और इसके केंद्रीय अध्यक्ष अनवर खान को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने का ही लक्ष्य न रखें, बल्कि अच्छे प्रशासक, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज की सेवा करें।

विशिष्ट अतिथि झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने वाले ऐसे ट्रस्ट समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण यदि किसी छात्र-छात्रा की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, तो वे उम्मीद ट्रस्ट से संपर्क करें, हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

मंत्री ने फातिमा शेख के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सावित्रीबाई फुले की सहयोगी थीं और शिक्षा के प्रसार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं से पैगम्बर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की शिक्षाओं पर चलने तथा ऐसी शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान किया, जिससे समाज, राज्य और देश का विकास हो। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन्होंने अभी तक एसआईआर (SIR)फॉर्म नहीं भरा है, वे जल्द से जल्द भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। कार्यक्रम की शुरुआत कारी अंसारुल्लाह शहर काजी के तिलावत कुरान पाक और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों का शॉल, मोमेंटो और पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। आयोजन समिति में अनवर खान केंद्रीय अध्यक्ष, एम. एस. फरहान, अधिवक्ता मुमताज़ खान, मुजाहिद खान, फरहा परवीन, अंसारुल्लाह कासमी, आसिफ इक़बाल, मोहम्मद नसीम, जावेद अख्तर, अफसाना परवीन, अब्दुल खालिक, इसरार (छोटू भाई)। कार्यक्रम में मसूद कच्छी, मास्टर उस्मान, मुजाहिद हुसैन, इश्तियाक रहमान, सैयद अंसारुल्लाह, महताब आलम, शाहिद रहमान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता, ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









