इक्फ़ाई विश्वविद्यालय, झारखंड का 7वाँ दीक्षांत समारोह भव्य रूप से संपन्न


रांची, 26 नवंबर 2026: इक्फ़ाई विश्वविद्यालय, झारखंड का 7वाँ दीक्षांत समारोह आज शौर्य सभागार, जेएपी ग्राउंड के सामने, डोरंडा, रांची में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर, महामहिम श्री संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा उन्होंने दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की।
समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। इनमें 10 पीएच.डी. शोधार्थी, 47 एमबीए, 16 बीबीए, 13 बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स), 21 बी.टेक, 77 बीसीए, 35 डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, 40 एलएलएम, 85 एलएलबी तथा 21 बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थी शामिल हैं।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक प्रदान किए गए। ये पदक महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार द्वारा प्रदान किए गए।

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति श्री डॉ. टी.आर.के. राव, माननीय कुलपति श्री कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह तथा कुलसचिव श्री सुमित कुमार सिन्हा, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति श्री प्रो. सारंग मेधेकर तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति श्री प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलिंगम सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को संबोधित करते हुए माननीय कुलाधिपति श्री डॉ. टी.आर.के. राव ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की और “Best” शब्द का प्रयोग करते विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते तकनीकी परिवेश में ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से रोजगार सृजक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार, नैतिक एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर श्री संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में एक नए चरण की शुरुआत है, जिसमें जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति योगदान का विशेष महत्व है।
महामहिम ने झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षणिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इन योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
महामहिम राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की प्रतिभा, सकारात्मक सोच और नवाचार देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति श्री कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 की विश्वविद्यालय रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, अनुसंधान, नवाचार तथा संस्थागत विकास की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की शपथ ली तथा नैतिक आचरण, व्यावसायिक निष्ठा, प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विश्वविद्यालय का 7वाँ दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की पूर्णता के साथ-साथ उनके नए व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। इक्फ़ाई विश्वविद्यालय, झारखंड अपने आदर्श वाक्य “Grooming Professionals. With Values.” के अनुरूप ज्ञान, कौशल एवं नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण सक्षम पेशेवरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकें।








