All India NewsBlogJharkhand News

28 नवंबर को होगा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026, अंगदान के जरिए दूसरों को जीवन देने वाले परिवारों का सम्मान

Share the post

इंदौर, अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपने प्रियजनों को खोने के बाद भी दूसरों को जीवन देने का निर्णय लेने वाले परिवारों के मानवीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से 2030 का भारत फाउंडेशन द्वारा 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इंदौर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों, डॉक्टर्स, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और हॉस्पिटल्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। जीवन के बाद भी जीवन देने की भावना पर आधारित यह पहल अंगदान को सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदना से जोड़ने का प्रयास है।

सम्मान समारोह को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान है, जिसके अंतर्गत अंग अथवा टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान की है। इसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है। तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान की है, जिसके अंतर्गत अंगदान एवं ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टर्स, सर्जन, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, हॉस्पिटल्स और उनकी सहयोगी मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के सूत्रधार और 2030 का भारत के फाउंडर अतुल मलिकराम ने कहा कि “अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा ऐसा निर्णय है, जो किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी कई लोगों को जीवन दे सकता है। जिन परिवारों ने अपने सबसे कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। हमारा प्रयास है कि ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में इस विषय पर जागरूकता भी बढ़ाई जाए। हमारा विश्वास है कि जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से अंगदान को एक व्यापक सामाजिक अभियान बनाया जा सकता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को जीवन की नई उम्मीद मिल सके।”
गौरतलब है कि 2030 का भारत शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है, वहीं कैदियों के पुनर्वास की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Response