All India NewsBlog

इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने रामलीला मैदान पहुंचे नुरुल्लाह हबीब नदवी

Share the post

संविधान और लोकतंत्र की रक्षा, विपक्षी एकता की मजबूती तथा आम जनता के हक की लड़ाई के लिए एकजुट होने का दिया संदेश

रांची/दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने के लिए प्रखंड अंजुमन इस्लामिया मांडर के सदर नुरुल्लाह हबीब नदवी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे। उनके साथ नायब सदर, विधायक प्रतिनिधि माशूक अंसारी, रशीद अंसारी, असलम अंसारी, जमील अंसारी, गुलजार अंसारी तथा युवा नेता अमित खलखो सहित अन्य लोग भी महारैली में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे।

इस मौके पर नुरुल्लाह हबीब नदवी ने कहा कि आज देश के सामने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और आम जनता के अधिकारों की हिफाजत के लिए सभी लोकतंत्र पसंद लोगों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की यह महारैली विपक्षी एकता को मजबूती देने और जनता की आवाज बुलंद करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने आगे कहा कि देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी है। आम जनता के मुद्दों, युवाओं के रोजगार, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे सवालों पर सरकार को जवाबदेह बनाना लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है।

नुरुल्लाह हबीब नदवी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण होती है और इस आवाज को दबाया नहीं जा सकता। देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

Leave a Response