केशव कृपा परिवार ने श्रद्धालुओं के बीच चाय-बिस्किट का किया वितरण


रांची: सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर पहाड़ी मंदिर के बानो मंजिल रोड स्थित केशव कृपा इंटरप्राइजेज एवं केशव कृपा ऑटो एजेंसी के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चाय एवं बिस्किट वितरण शिविर लगाया गया। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में पहाड़ी मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुबह 4 बजे से 9 बजे तक गर्म चाय और बिस्किट वितरित किए गए। इस दौरान करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ उठाया।
मीरा अग्रवाल ने कहा कि सावन माह में हर सोमवार को हजारों श्रद्धालु पहाड़ी मंदिर पहुंचते हैं। उनकी सुविधा और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। सावन के प्रत्येक सोमवार को बानो मंजिल रोड पर इसी प्रकार का सेवा शिविर लगाया जाएगा, ताकि सुबह से लंबी दूरी तय कर आने वाले श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिल सके।
श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निरंजन सराफ, कैलाश सिंघानिया, मीरा अग्रवाल, मनीषा सराफ, बेनी अग्रवाल, सुरेश चंद्र चौधरी, सूरज शर्मा सहित कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया।








