मक्का में फंसे झारखंड के आज़मीने हज की अपील पर अल्पसंख्यक आयोग का त्वरित एक्शन


विदेश मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
रांची: हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब में फंसे झारखंड के एक भारतीय नागरिक और उनकी गंभीर रूप से बीमार मां के मामले को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड निवासी हाजी मोहम्मद शोएब अंसारी अपनी मां शाहजहां खातून के साथ हज यात्रा के लिए सऊदी अरब गए थे। उनकी मां हृदय संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं तथा उनके हृदय में स्टेंट लगा हुआ है। मक्का में तवाफ के दौरान उनका नुसुक कार्ड टूटकर गिर गया, जिसके बाद उन्होंने उसे दोबारा प्रिंट करवाया। इसी तकनीकी समस्या के कारण मामला जटिल हो गया और सऊदी अधिकारियों ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, शाहजहां खातून की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही है तथा नियमित दवाइयों और चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है। वहीं, मोहम्मद शोएब अंसारी को अदालत का नोटिस जारी किए जाने के बाद परिवार मानसिक और आर्थिक तनाव से गुजर रहा है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के निर्देश पर आयोग ने विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा है। आयोग ने जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से प्रभावित परिवार को तत्काल कानूनी, वाणिज्यिक और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बीमार मां की जान बचाई जा सके।
आयोग के अध्यक्ष के निजी सचिव वसीम रज़ा खान द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि यह केवल कानूनी मामला नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना से जुड़ा विषय भी है। आयोग ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप कर परिवार को राहत पहुंचाने की अपील की है।
परिजनों ने भी भावुक अपील करते हुए कहा है कि एक बेटे और उसकी बीमार मां की जिंदगी दांव पर लगी हुई है तथा भारत सरकार और भारतीय दूतावास ही उनकी आखिरी उम्मीद हैं।








