All India NewsBlog

26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, विभिन्न इलाकों से पहुंचेंगे जुलूस

Share the post

उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया है

रांची। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक अवसर पर सुन्नी बरेलवी सेंट्रल कमेटी, रांची के तत्वावधान में 26 अगस्त 2026, बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। कमेटी की ओर से रांची के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर जुलूस के निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया है।
कमेटी के अनुसार जुलूस रांची के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से निकलेगा। विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस सुबह करीब 9:30 बजे अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए 11 बजे दिन में पथलकुदवा चौक सहित निर्धारित स्थानों पर पहुंचेंगे। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों के जुलूस निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ते हुए संयुक्त जुलूस में शामिल होंगे।
मौलाना आजाद कॉलोनी, इलाही बख्श कॉलोनी, गढ़ाटोली, रमजान कॉलोनी, कांटाटोली, रजा कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्रों के जुलूस कांटाटोली चौक और नया टोली-पथलकुदवा चौक की ओर पहुंचेंगे। मोरहाबादी, एदलहातू और बरियातू क्षेत्र के जुलूस करमटोली एवं न्यूक्लियस मॉल होते हुए निर्धारित स्थान पर पहुंचेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों से कोंगे, चंदवे, भीठा, जयपुर पी रोड, पंडरा समेत विभिन्न इलाकों के जुलूस छोटे वाहनों के माध्यम से फिरायालाल मेन रोड होते हुए इकरा मस्जिद चौक के जुलूस में शामिल होंगे। वहीं पुंदाग, इलाही नगर और डीपाटोली के जुलूस अरगोड़ा चौक, अशोक नगर होते हुए कडरू पहुंचकर वहां के जुलूस में शामिल होंगे।
हिंदपीढ़ी, नेजाम नगर, मोजाहिद नगर, कुर्बान चौक, ग्वाला टोली समेत विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस भी निर्धारित मार्गों से होते हुए अंजुमन प्लाजा, डॉ. फतेहउल्लाह रोड और अन्य मार्गों से इकरा मस्जिद चौक पहुंचेंगे।
इकरा मस्जिद चौक पर होगी तकरीर
इकरा मस्जिद चौक के पास दोपहर करीब एक बजे ओलमा-ए-कराम द्वारा पैगम्बर मोहम्मद ﷺ की सीरत एवं जीवन पर तकरीर की जाएगी। इसके बाद सभी जुलूस संयुक्त रूप से सैनिक मार्केट, ओवरब्रिज, राजेंद्र चौक, भीमराव अंबेडकर चौक, यूनूस चौक, डोरंडा, मंदिर मार्ग, इंजीनियरिंग भवन रोड और नेपाल हाउस होते हुए रेसालदार बाबा की मजार के पास पहुंचेंगे।
यहां असर की नमाज, लगभग शाम 5 बजे तक, ओलमा-ए-कराम एवं विभिन्न धर्मों के प्रमुख प्रतिनिधियों का संबोधन होगा। इसके बाद सलातो-सलाम और सामूहिक दुआ के साथ जुलूस का समापन किया जाएगा।
पेयजल और साफ-सफाई की मांग
कमेटी ने प्रशासन से जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा प्रमुख स्थानों पर टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इनमें कर्बला चौक, अंजुमन प्लाजा के सामने, इकरा मस्जिद चौक, ओवरब्रिज और रेसालदार बाबा की मजार के पास पेयजल व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा मुस्लिम बहुल क्षेत्रों एवं मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने की भी मांग की गई है, ताकि जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कमेटी की ओर से संरक्षक एम सईद, अध्यक्ष मौलाना ताजुद्दीन, मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, उपाध्यक्ष आफताब आलम और महासचिव अकीलुर्रहमान, मो तौहीद, मो महजूद, मो इस्लाम, समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

Leave a Response