Sunday, September 8, 2024
Blog

अंजुमन के सदर हाजी अफसर कुरैशी के नेतृत्व में हजरत बाबा दुखन शाह के मजार पर लहराया परचम

परचम कुशाई के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय सालाना उर्स मुबारक

लोहरदगा: हजरत बाबा दुखन शाह (र. अ.) की 99वीं उर्स का आगाज शनिवार को परचम कुशाई के साथ आधिकारिक रूप से प्रारम्भ हो गया। अंजुमन इस्लामिया के सदर हाजी मो. अफसर कुरैशी, सेक्रेटरी सफदर आलम, नाइब सदर नेहाल कुरैशी, सहसचिव मुजम्मिल अंसारी, हाजी नसीम अख्तर, जामा मस्जिद के इमाम शमीम रिजवी, हाफिज सफीक, कारी शाहिद कुरैशी फिदाई, असगर अंसारी, लुकमान अंसारी, अबुल कलाम तैगी, सज्जाद अंसारी, सिराज अंसारी, मोहम्मद कैश, सगीर अंसारी, खालिद अंसारी, असगर तैगी आदि समेत अंजुमन के अन्य ओहदेदारों व गणमान्य लोगों द्वारा हजरत बाबा दुखना शाह के मजार पर परचम लहराया गया। मौके पर अंजुमन इस्लामिया सदर हाजी मो. अफसर कुरैशी ने कहा कि आज परचम कुशाई के साथ हजरत बाबा दुखन शाह (रअ) की चार दिनी उर्स मुबारक शुरू हो गई है। 04 फरवरी रविवार को केरत व नातिया ईनामी मुकाबला दोपहर 2:00 बजे से असर तक होगा। 05 फरवरी सोमवार को को अहले सुबह 3.00 बजे गुसुल संदल और चादरपोशी सुबह 6:00 बजे अंजुमन इस्लामिया के जानिब से की जाएगी। तत्पश्चात पुलिस प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर व चादरपोशी की जाएगी। सुबह 6:00 बजे से ही कुरआन ख्वानी ख्वाजा गरीब नवाज ट्रस्ट के जानिब से की जाएगी।

जबकि बाद नमाज जोहर लंगरखानी होगी। 06 फरवरी को बाद नमाज जोहर लंगरखानी, कुरैश फ्यूल सेन्टर के जानिब से की जाएगी। साथ ही बाद नमाज ईशा ईद मिलादुन्नबी और तबर्रूक तकसीम की जाएगी। उन्होंने बताया कि 05 एवं 06 फरवरी की रात महफिल ए कव्वाली का प्रोग्राम है। जिसमें टीवी सिंगर सलीम जावेद (मुंबई) एवं टीवी सिंगर सलीम राजा (मुंबई) के बीच शानदार मुकाबला होगा। उन्होंने बताया कि 05 फरवरी के कव्वाली प्रोग्राम का उद्घाटनकर्ता राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं मुख्य अतिथि मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव होंगे, जबकि 06 फरवरी की रात कव्वाली प्रोग्राम का भी उद्घाटनकर्ता राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू होंगे और मुख्य अतिथि मंत्री बन्ना गुप्ता होंगे। हाजी मो. अफसर कुरैशी ने बताया कि परंपरा के मुताबिक इस उर्स मुबारक का मुख्य संरक्षक लोहरदगा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण और पुलिस कप्तान हारिस बिन जमां होंगे।

Leave a Response