अंजुमन इस्लामिया रांची चुनाव 2025, मुन्तज़िमा की प्राथमिक सूची तैयार, स्क्रूटनी और स्पॉट वेरिफिकेशन का काम जारी


अंजुमन इस्लामिया रांची के 2025 चुनाव के तहत मुन्तज़िमा सदस्य बनने के लिए जमा किए गए सभी फॉर्मों के आधार पर पहली सूची पूरी कर ली गई है और इसमें सभी सदस्यों की तस्वीरें भी जोड़ दी गई हैं। ध्यान रहे यह अभी सिर्फ प्राथमिक सूची है, फाइनल नहीं। फाइनल सूची कागज़ात की गहन जांच (स्क्रूटनी) तथा घर-मोहल्ले जाकर सत्यापन (स्पॉट वेरिफिकेशन) के बाद ही तैयार होगी। सूची में क्रम संख्या, रसीद नंबर, संस्था का नाम एवं पता, मेंबर का नाम तथा उसके पिता का नाम व पता आधार कार्ड के अनुसार, उम्र, मोबाइल नंबर और फोटो सहित कुल नौ कॉलम हैं। पूरी सूची रसीद नंबर के अनुसार क्रमबद्ध है तथा लोगों की सुविधा व जांच कार्य में आसानी के लिए इलाका-वाइज़ भी अलग अलग सूची बनाई गई है।

इसके अलावा सूची में दर्ज मेंबरान को करबला चौक, कांटा टोली, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, कड़रू, धुर्वा, पुंदाग, नयासराय, हटिया, बरियातू तथा कांके – इन ग्यारह हलकों में बांटा गया है और हर हलके की अलग सूची तैयार है। साथ ही मस्जिदें, मदरसे-मकतब, स्कूल-कॉलेज, ईदगाह, कब्रिस्तान, पंचायत, सोसाइटी व कमेटियों आदि की भी अलग-अलग सूचियां बना दी गई हैं। चुनाव का पूरा काम पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से चल रहा है। अब स्क्रूटनी और स्पॉट वेरिफिकेशन का अहम दौर जारी है। इस सिलसिले में 12 नवंबर 2025 को चुनावी कार्यालय अंजुमन इस्लामिया रांची में उलेमा-ए-किराम और पंचायतों के जिम्मेदारों की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। सभी लोगों ने अब तक के काम पर पूर्ण संतोष जताया और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि आगे के सभी चरण भी पूरी तरह निष्पक्ष लोगों से ही कराए जाएं। बैठक में सभी ने भरपूर सहयोग का वादा किया। बैठक में मौलाना डॉ. मोहम्मद तलहा नदवी, मौलाना मसूद फरीदी, मौलाना शफीक आलयावी, मुफ्ती तलहा नदवी, मौलाना सुहैल सज्जाद कासमी, मौलाना अबू दाऊद कासमी, हाजी मोहम्मद फिरोज, माजिद आलम, सैफुल हक, मोहम्मद मेराज गद्दी, मजीद अंसारी, शम्सू खान, हाजी सऊद आलम, मोहम्मद रिजवान, जुनैद अहमद, रिजवान इत्यादि मौजूद थे। चुनाव कन्वीनर मुफ्ती मोहम्मद अनवर कासमी ने कहा कि मुन्तज़िमा की सही, साफ और विश्वसनीय सूची तैयार करना चुनाव प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण व संवेदनशील चरण है। इसलिए हर फॉर्म व हर जानकारी की बारीकी से जांच की जा रही है।
जिनके फॉर्म में कोई कमी, विरोधाभास या शक हो, उनसे फोन पर संपर्क किया जा सकता है या उनके घर अथवा मोहल्ला जाकर स्पॉट वेरिफिकेशन भी किया जा सकता है । पूरा काम निष्पक्ष और नियमों के अनुसार होगा। पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिम्मेदारों, सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी फॉर्म या सदस्य के बारे में कोई पक्की व सही जानकारी हो, जाली दस्तावेज या गलत जानकारी का पता हो तो तुरंत चुनावी दफ्तर को सूचित करें। आधारहीन विरोध अथवा शिकायत और अफवाहों से बचें तथा चुनाव प्रक्रिया में पूरा-पूरा सहयोग करें। कन्वीनर ने उम्मीद जताई कि आपसी सहयोग से सभी चरण ईमानदारी और सफलतापूर्वक पूरे होंगे। अल्लाह हम सबको ईमानदारी, इंसाफ और सच्चाई पर कायम रखे। आमीन।
मुफ्ती मोहम्मद अनवर क़ासमी
कन्वीनर इंतिखाब अंजुमन इस्लामिया, रांची








