Saturday, July 27, 2024
Jharkhand News

रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता तलाश रही विकल्प : निपु सिंह

विशेष संवाददाता


रांची। राष्ट्रीय जनसंघर्ष स्वराज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सह रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी निपु सिंह ने कहा है कि रांची संसदीय क्षेत्र की जनता भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त है। चुनाव में जनता विकल्प तलाश रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जन संघर्ष स्वराज पार्टी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप लोकसभा के चुनाव में खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी।
गौरतलब है कि श्री सिंह की छवि एक जुझारू युवा सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में है। विगत लगभग डेढ़ दशक से श्री सिंह नशामुक्त समाज के लिए व्यापक जन जागरुकता अभियान चला रहे हैं। झारखंड राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त, नशामुक्त और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत हैं। वह झारखंड अगेंस्ट करप्शन सहित कई सामाजिक-धार्मिक संगठनों से भी जुड़े हैं।
श्री सिंह ने राजनीति के माध्यम से जन सेवा करने का संकल्प लिया है। इस दिशा में उन्होंने कदम बढ़ाते हुए राष्ट्रीय जन संघर्ष स्वराज पार्टी से जुड़कर रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी के रूप में चुनाव में किस्मत आजमाने का निर्णय लिया है।
लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जन संघर्ष स्वराज पार्टी की ओर से बतौर प्रत्याशी रांची सीट से अपनी उम्मीदवारी उन्होंने घोषित कर दी है।
राजनीतिक गलियारों में उनके नाम की चहुंओर चर्चा है।
विदित हो कि सहारा इंडिया में जमाकर्ताओं के फंसे रुपए को वापस दिलाने के लिए श्री सिंह लगातार एक साल से आंदोलनरत हैं। जनहित के मुद्दों को लेकर सदैव मुखर रहने वाले श्री सिंह ने रांची संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव में जनसमर्थन प्राप्त करने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा है कि रांची लोकसभा सीट पर लगभग तीन दशक से भाजपा और कांग्रेस के नेतृत्व वाली गठबंधन का ही कब्जा रहा, इसके बावजूद क्षेत्र की जनता का विकास से वंचित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राजधानी होने के बाद भी रांची शहर का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। विकास के मामले में अन्य राज्यों की राजधानी से रांची काफी पीछे है।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में परिवर्तन जरूरी है। जनता के सपने साकार करने के लिए उन्होंने परिवर्तन का प्रहरी बनकर राजनीति के माध्यम से जन सेवा करने का संकल्प लिया है।

Leave a Response