Saturday, July 27, 2024
Jharkhand News

धुमकुड़िया भवन में सामाजिक कार्यकर्ताओं संग बैठक आयोजित, जनहित में बनाई गई कांग्रेस की नीतियों से लाभान्वित हो रहे लोग : गुलाम अहमद मीर

झारखंड में महागठबंधन का परचम लहरेगा: राजेश ठाकुर
चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी: बंधु तिर्की
मील का पत्थर साबित हुआ भारत जोड़ो यात्रा अभियान: सुबोधकांत सहाय
चुनाव जीती तो संसद में गूंजेगी जनता की आवाज: यशस्विनी सहाय

विशेष संवाददाता
रांची। शहर के करमटोली चौक स्थित धुमकुड़िया भवन में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में सामाजिक कार्यकर्ताओं संग एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिगण ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जनहित में बनाई गई कल्याणकारी योजनाओं से जनता लाभान्वित हो रही है। भाजपा ने जनहित की कई योजनाओं को बंद कर दिया। इससे जनता आक्रोशित है। भाजपा की जन विरोधी नीतियों से लोग त्रस्त हैं।
आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।
वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में झारखंड में कांग्रेस का परचम लहराएगा। व्यापक जन समर्थन से झारखंड में कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।
बैठक के आयोजक कांग्रेस के प्रवक्ता एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार से सभी संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक कर लिया है और उसका दुरुपयोग कर रही है, आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रव्यापी भारत जोड़ो यात्रा शत-प्रतिशत सफल रही। कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता के विश्वास में वृद्धि हुई है। भाजपा से लोगों का मोह भंग हो रहा है।
बैठक में उपस्थित रांची संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने कहा कि यदि जन समर्थन से उन्हें संसद पहुंचने का मौका मिला, तो वह संसद में जनता की आवाज बनेंगी। जन मुद्दों को लेकर मुखर रहेंगी। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निदान उनकी प्राथमिकता होगी। सुश्री सहाय ने झारखंड में महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार/साहित्यकार व झारखंड की लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता वासवी कीड़ो, कांग्रेस नेता रविन्द्र सिंह सहित काफी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।

Leave a Response