साहेबगंज के सरकारी मदरसे में 20-25 वर्षों से विवाद, नियुक्ति प्रक्रिया पर उठे सवाल


हेड मौलवी के भाई को सचिव बनाए जाने पर ग्रामीणों ने जताई आपत्ति, कमेटी रद्द कर निष्पक्ष जांच और पारदर्शी बहाली की मांग
रांची। साहेबगंज जिले के डोकाडी स्थित सरकारी मदरसा ताईदुल इस्लाम (मदरसा संख्या-802) में कमेटी गठन और शिक्षकों की बहाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। करीब 20 से 25 वर्षों से जारी इस विवाद को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर आवाज उठाई है। इसी सिलसिले में रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मो ऐनुल हक इस्लाही ने मदरसे की वर्तमान व्यवस्था, कमेटी गठन और बहाली प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए।
ऐनुल हक इस्लाही ने आरोप लगाया कि मदरसे की कमेटी पर लंबे समय से एक ही परिवार का प्रभाव बना हुआ है। उनका कहना है कि हेड मौलवी और उनके करीबी रिश्तेदारों को कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की राय और उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से हेड मौलवी के भाई को सचिव बनाए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि एक ही परिवार के लोगों के पास प्रमुख पद रहने से निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में ग्रामीणों ने अपनी शिकायत संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखी थी। उस समय दोनों पक्षों की सहमति से कमेटी में बदलाव कर विवाद समाप्त करने की बात हुई थी, लेकिन उनके अनुसार बाद में फिर पुराने तरीके से ही कमेटी का गठन कर दिया गया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब-जब ग्रामीणों की ओर से शिकायत की जाती है, तब जांच की प्रक्रिया भी उनकी जानकारी और मौजूदगी के बिना पूरी कर दी जाती है।
ऐनुल हक इस्लाही ने कहा कि वर्ष 2023 में भी बहाली प्रक्रिया के दौरान परीक्षा केंद्र पर हंगामे और अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जिसके बाद प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी थी। अब फिर चार पदों पर बहाली की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मदरसा जिस गांव में स्थित है, वहां के योग्य और प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि स्थानीय स्तर पर योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें अवसर नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मदरसा केवल किसी व्यक्ति या परिवार की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे गांव की शैक्षणिक धरोहर है। इसके संचालन में ग्रामीणों का सहयोग और विश्वास बेहद जरूरी है। शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए योग्य, प्रशिक्षित और शिक्षित लोगों की नियुक्ति होनी चाहिए।
हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद फैसले का इंतजार
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि मदरसे से जुड़ा मामला मदरसा बोर्ड में भी लंबित है। ऐनुल हक इस्लाही के अनुसार, इस संबंध में हाईकोर्ट का आदेश आ चुका है और मामले में निर्णय लेने की जिम्मेदारी संबंधित परिषद को दी गई है। इसके बावजूद अब तक अंतिम फैसला नहीं हो सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी जल्द मामले का निष्पक्ष समाधान करेंगे।
उन्होंने मांग की कि जिला शिक्षा पदाधिकारी दोनों पक्षों को अपने कार्यालय में बुलाकर सुनवाई करें। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों की टीम गांव पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच करे। जांच पूरी होने के बाद ही कमेटी और बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
ऐनुल हक इस्लाही ने सरकार और संबंधित विभाग से अपील की कि वर्तमान कमेटी के गठन की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और बहाली में स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को उचित अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध करना नहीं, बल्कि मदरसे में बेहतर शिक्षा व्यवस्था स्थापित करना और गांव के बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना है।








