कुरान की तिलावत में झारखंड का परचम लहराएगा ईरबा का छात्र, चार राज्यों की प्रतियोगिता में मिला मौका


मदरसा मज़हर-उल-उलूम के छात्र का राज्य स्तर पर चयन, शिक्षकों के साथ पूर्णिया रवाना; मदरसे में खुशी और दुआओं का माहौल
रांची: मेहनत, लगन और बेहतर तालीम जब एक साथ मिलती है, तो कामयाबी की नई इबारत लिखी जाती है। इसकी मिसाल मदरसा मज़हर-उल-उलूम, ईरबा के एक छात्र ने पेश की है। छात्र का चयन चार राज्यों के बीच आयोजित होने वाली कुरान प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के बाद मदरसे में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए छात्र शुक्रवार को अपने शिक्षकों के साथ बिहार के पूर्णिया के लिए रवाना हुआ।
मदरसा के मुहतमीम हजरत मौलाना मुफ्ती इमरान नदवी ने कहा कि मदरसा मज़हर-उल-उलूम ईरबा लंबे समय से दीनी तालीम के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए हुए है। संस्थान में कुरान की तालीम के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा की भी समुचित व्यवस्था है। विद्यार्थियों के रहने, खाने और पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अनुशासित शैक्षणिक माहौल और शिक्षकों के समर्पण के कारण यहां के छात्र लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुफ्ती इमरान नदवी, मुफ्ती वसीउर रहमान ने मदरसा के तमाम शिक्षकों की मेहनत बताते हुए कहा कि चार राज्यों की प्रतियोगिता में पूरे झारखंड से प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना छात्र की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। यह उपलब्धि केवल एक विद्यार्थी की सफलता नहीं, बल्कि मदरसे की शैक्षणिक व्यवस्था और कुरान की तालीम के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
मदरसे के शिक्षकों और प्रबंधन ने छात्र को शुभकामनाएं देते हुए दुआ की कि अल्लाह तआला उसे प्रतियोगिता में शानदार कामयाबी अता फरमाए। साथ ही वह अपनी प्रतिभा से झारखंड और अपने मदरसे का नाम रोशन करे।








