Blog

संविधान की रक्षा के लिए एकजुट हों देशवासी, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी : मंजूर अहमद अंसारी

Share the post

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संविधान रक्षा यात्रा में उठी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की आवाज, राहुल गांधी के आह्वान को बताया समय की जरूरत

रांची। संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित संविधान रक्षा यात्रा के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। इस दौरान ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि देश के संविधान की रक्षा करना केवल किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार संविधान बचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान कर रहे हैं। आज देश के मौजूदा हालात में इस आवाज को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।


मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि देश की आजादी में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने मिलकर कुर्बानियां दी थीं। इसमें मुस्लिम समाज की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। ऐसे में देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी समुदायों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और अल्पसंख्यक समाज से जागरूक एवं सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और अपने अधिकारों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है। वहीं कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता खुर्शीद हसन रूमी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से संविधान की मूल भावना कमजोर हो रही है। महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं की समस्याओं पर भी सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।


मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए देशभर में कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संविधान रक्षा यात्रा के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी देश में लोकतंत्र और आम जनता के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।
उन्होंने सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के लोगों से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाए रखना हम सभी का फर्ज है। इस मौके पर केशव महतो कमलेश, बंधु तिर्की, काली चरण मुंडा, रौशन लाल भाटिया, सलीम खान, मंजूर अंसारी बोकारो, सोहेल अहमद, डॉ तौसीफ खान, हाजी शकील अहमद, गुंजन सिंह, शबाना खातून, वारिश कुरैशी, आलोक कुमार दुबे, समेत सैंकड़ों लोग थे।

Leave a Response