गांव की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम की पहल पर सड़क निर्माण का शिलान्यास


कई जनप्रतिनिधि से गुहार लगाने के बावजूद नहीं बन पाई थी सड़क, आदिल अजीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कराया निर्माण कार्य शुरू; ग्रामीणों में खुशी की लहर
रांची। चान्हो प्रखंड के पतरातू गांव के सरई टोली में बुधवार को ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा। मुख्य पथ से समीम अंसारी के घर तक 565 फीट पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस सड़क के निर्माण को लेकर ग्रामीण लंबे समय से कई जनप्रतिनिधि से मिलकर गुहार लगा रहे थे, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो पाई थी।
ग्रामीणों की इस परेशानी को जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने गंभीरता से लिया और सड़क निर्माण को लेकर लगातार प्रयास किया। उनकी पहल और प्रयासों के बाद आखिरकार सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली और बुधवार, 25 नवंबर को शिलान्यास संपन्न हुआ। शिलान्यास के बाद गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क बनने से आवागमन की समस्या दूर होगी और उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी।

यह सड़क 15वें वित्त आयोग की निधि से लगभग दस लाख रुपए से बनाई जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की तथा लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम के करकमलों द्वारा शिलान्यास किया गया। इस मौके पर जिप सदस्य आदिल अजीम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध होने से गांव के विकास को गति मिलेगी। किसानों, विद्यार्थियों और आम ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की पहल के लिए आदिल अजीम के प्रति खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया।
मौके पर मोजीबुल्लाह अंसारी, मोहम्मद गयास अंसारी, समीम अंसारी, जावेद जाफरी, जमील अंसारी, ग्राम के पाहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








