रांची विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय साहित्य पर राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न


रांची। रांची विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग की ओर से सोमवार को विभाग के संगोष्ठी कक्ष में “क्षेत्रीय साहित्य की प्रासंगिकता और महत्व : उर्दू साहित्य के संदर्भ में” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि हज समिति के पूर्व अध्यक्ष मंजूर अहमद अंसारी रहे, जबकि द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन रहे।

मंत्री हफीजुल हसन ने घोषणा की कि राज्य में जल्द अल्पसंख्यक शिक्षा निदेशालय का गठन होगा, जिसमें उर्दू निदेशालय को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उर्दू अकादमी की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश दे दिया है, प्रशासनिक कारणों से विलंब हुआ है, जल्द अकादमी बनेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 3,000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई है और छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण की योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने लोगों से घरों में उर्दू अखबार पढ़ने की अपील की।
इससे पूर्व उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद रिजवान अली ने मंत्री के सामने उर्दू अकादमी की स्थापना, उर्दू निदेशालय के गठन और प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च शिक्षा में उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति का प्रश्न रखा।
संगोष्ठी में बाहर से आए विद्वानों में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. मोहम्मद अली जौहर व प्रो. गुलाम सरवर खान, जम्मू विश्वविद्यालय के प्रो. शहाब इनायत मलिक, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. मोहम्मद काजिम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रो. नदीम अहमद, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. आफताब अहमद आफाकी व डॉ. अब्दुस समी, एलएस कॉलेज दरभंगा के प्राचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद और केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के डॉ. शाकिर तसनीम शामिल थे।
इस अवसर पर तीन पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। डॉ. जमशेद कमर द्वारा मौलाना आजाद की पुस्तक “जामेउश शवाहिद” के हिंदी अनुवाद, डॉ. अब्बास अली की पुस्तक “सआदत हसन मंटो की कहानियों का अदालती मूल्यांकन” और महफूज आलम की पुस्तक “रक्श-ए-अंगुश्त” का लोकार्पण मंत्री हफीजुल हसन एवं मंजूर अहमद अंसारी ने किया।
संचालन डॉ. मोहम्मद रिजवान अली ने किया, संयोजक डॉ. एजाज अहमद थे।








