पहले ही मुकाबले में डॉ. सेरान अली और पप्पू की जोड़ी का जलवा,कुस्सु और एजाज़ की करारी हार


मौलाना आज़ाद डे पर 5वें मौलाना आज़ाद बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
रांची। मॉर्निंग ग्रुप रांची के तत्वावधान में 11 नवंबर, मौलाना आज़ाद डे के अवसर पर आयोजित 5वें मौलाना आज़ाद बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ जी.एल. चर्च कॉम्प्लेक्स में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अमेरिका के टेक्सास से आए जनाब शाहिद साहब ने टॉस कराकर टूर्नामेंट का विधिवत आगाज़ किया।
टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। डॉ. सेरान अली और पप्पू की जोड़ी ने एजाज आलम एवं अतीक अहमद (कुसु) की जोड़ी को कड़ी टक्कर देते हुए चारों खाने चित कर दिया और 2-1 से शानदार जीत हासिल की। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में डॉ. सेरान अली और पप्पू की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता, समाजसेवी विजय साहू, सरपरस्त हलीमुद्दीन, सदर अकीलुर्रहमान, इकबाल अंसारी, नौशाद खान, मुस्तकीम आलम, सरफराज अहमद, मोहम्मद परवेज, हसन सैफी एवं मोहम्मद नईम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आज के मुकाबले में रेफरी की भूमिका मोहम्मद मुस्तकीम आलम एवं अकीलुर्रहमान ने निभाई।
टूर्नामेंट के शुभारंभ पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मॉर्निंग ग्रुप रांची द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।








