सप्लाई पानी नहीं मिलने से भड़कीं महिलाएं, तख्ती लेकर किया जोरदार प्रदर्शन


रांची:(आदिल रशीद) बरियातू पहाड़ी क्षेत्र में लगातार सप्लाई पानी नहीं मिलने से नाराज महिलाओं का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बरियातू मेडिका पानी टंकी के पास जोरदार प्रदर्शन किया और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है, जिससे घरों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “हमें पानी दो”, “जल संकट दूर करो” जल है तो कल है, जल ही जीवन है, और “पानी हमारी जरूरत है” जैसी तख्तियां लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय लोगों ने भी महिलाओं के आंदोलन का समर्थन किया और जल्द समाधान की मांग की।
वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।








