वार्ड 16,17 में सफाई को लेकर बड़ा फैसला: हर दिन होगा कचरा उठाव, पार्षद सलाहुद्दीन उर्फ संजू का सख्त निर्देश


रांची: वार्ड संख्या 16 में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पार्षद सलाहुद्दीन उर्फ संजू ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने वार्ड के गली-नालियों का निरीक्षण करने के बाद अब कचरा उठाव को भी नियमित और सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
पार्षद सलाहुद्दीन उर्फ संजू ने स्पष्ट कहा कि अब वार्ड में हर दिन कचरे का उठाव किया जाएगा, ताकि गंदगी और दुर्गंध की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने सफाई कर्मियों और संबंधित विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दिन कचरा उठाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पार्षद ने कई जगहों पर जमा कचरे और जाम नालियों को देखकर नाराजगी जताई और तुरंत सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गली और नालियों की सफाई के साथ-साथ कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, तभी वार्ड को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
स्थानीय निवासियों ने पार्षद के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यदि रोजाना कचरा उठाव होता है तो वार्ड में साफ-सफाई बेहतर होगी और बीमारियों का खतरा भी कम होगा।
पार्षद ने आम लोगों से अपील की कि वे भी साफ-सफाई में सहयोग करें और निर्धारित समय पर ही कचरा बाहर रखें, ताकि उठाव में कोई परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी। साथ में राहुल उरांव, महादेव समेत इलाके के लोग थे।








