रांची पुलिस की मानवीय पहल: लाचार बुजुर्ग को मिला सहारा, समय पर पहुंची मदद


रांची/डोरंडा
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मानवता और संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली, जब सड़क किनारे असहाय अवस्था में पड़े एक बुजुर्ग की मदद के लिए डोरंडा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सराहनीय कदम उठाया। रविदास मोहल्ला के पास एक होटल के समीप बीते कुछ दिनों से एक बुजुर्ग सड़क पर जीवन बिताने को मजबूर थे। आज उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि वे एक जगह से हिल भी नहीं पा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुजुर्ग को गंभीर चोट भी लगी हुई थी, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई थी।

इस बीच इलाके के समाजसेवी अरशद कुरैशी और मुन्ना ने मानवीय पहल करते हुए तुरंत डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई और बुजुर्ग को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया।
इस दौरान पुलिस के साथ-साथ समाजसेवी अरशद कुरैशी और मुन्ना भी अस्पताल तक बुजुर्ग के साथ मौजूद रहे, जो सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण पेश करता है।

इस नेक कार्य के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला। लोगों का कहना है कि ऐसे मानवीय और संवेदनशील कार्यों से पुलिस की छवि में लगातार सुधार हो रहा है और पुलिस व जनता के बीच संबंध और अधिक मजबूत व मधुर बन रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने रांची पुलिस और डोरंडा थाना पुलिस की इस सराहनीय पहल के लिए आभार जताया और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह मानवता की मिसाल कायम होती रहेगी।








