गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर जनता की रसोई पर हमला कर रही केन्द्र सरकार : आलोक कुमार दूबे महासचिव झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी


महंगाई से त्रस्त आम जनता, भाजपा नेताओं की चुप्पी पर कांग्रेस का हमला; कहा–विपक्ष में रहते सिलेंडर लेकर सड़कों पर नाचते थे
राहुल गांधी ने भी जताई थी चिंता लेकिन केंद्र सरकार ने नहीं लिया सबक आलोक कुमार दूबे
रांची: केन्द्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार पर आम जनता की रसोई पर सीधा हमला करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से देश की गरीब और मध्यम वर्गीय जनता का जीवन बेहद कठिन हो गया है, लेकिन केन्द्र सरकार को आम लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने महंगाई बढ़ाकर जनता की रसोई को बर्बाद करने का काम किया है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि कर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब भाजपा सत्ता में आई थी तब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 400 रुपये के आसपास थी, लेकिन आज यह कीमत 1000 रुपये तक पहुंच चुकी है। यह वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार ने आम जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। जनता कहती है बहुत हो चुकी महंगाई की मार अब कभी नहीं चाहिए मोदी सरकार।
दूबे ने भाजपा नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब भाजपा के नेता गैस सिलेंडर को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते थे, धरना देते थे और महंगाई का ढोल पीटते थे। आज जब गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं तो वही नेता सत्ता के सुख में चुप्पी साधे बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के नाम पर गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर भाजपा सरकार ने केवल राजनीतिक प्रचार किया, लेकिन आज महंगे सिलेंडर के कारण लाखों गरीब परिवार गैस भरवाने मे असमर्थ हैं।
आलोक दूबे ने कहा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी वर्तमान हालात पर पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर पहले ही चिंता व्यक्त की थी और सरकार को आगाह किया था, इसके बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और देश को एक बार फिर महंगाई के गर्त में धकेलने का काम किया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी और जनता के हक और अधिकार की लड़ाई और तेज करेगी








