All India NewsBlog

शिक्षित समाज के बिना सामाजिक विकास की बातें बेमानी: मौसमी तिग्गा

Share the post

रांची। स्वस्थ, स्वच्छ और समृद्ध समाज के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षित समाज के बिना सामाजिक विकास की बातें बेमानी है। उक्त बातें एचईसी परिसर के सेक्टर दो स्थित बाल मंदिर स्कूल (एनबीएम स्कूल) की प्राचार्य मौसमी तिग्गा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा हमें जीवन के कर्तव्य पथ पर अग्रसर होते रहने के लिए सदैव प्रेरित करती है। शिक्षा हमारे अंदर संस्कार भी विकसित करती है। शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से शिक्षा का अलख जगाने के लिए शिक्षकों व अभिभावकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
सुश्री तिग्गा ने कहा कि बाल मंदिर स्कूल, सेक्टर दो, (धुर्वा, एचईसी परिसर) में संस्कार युक्त शिक्षा के माध्यम से बच्चों में छिपी प्रतिभा को तराशने की कोशिश की जा रही है।
यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद के साथ-साथ गुणवत्ता युक्त शिक्षा की बेहतर व्यवस्था है। अनुभवी व कुशल शिक्षकों द्वारा बच्चों को बुनियादी शिक्षा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि समाज से अंधविश्वास और कुरीतियों (कुप्रथाओं) की जड़ों को समूल नष्ट करने में शिक्षा काफी सहायक है।
शिक्षा से सामाजिक नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल करने की अपील की।
सुश्री तिग्गा ने कहा कि बाल मंदिर स्कूल में बच्चे बेहतर पर्यावरणीय माहौल में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में प्री नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों का नामांकन जारी है।
उनके साथ स्कूल की शिक्षिका सुश्री अनुप्रिया बच्चों के शैक्षणिक नींव को मजबूत करने में जुटी हैं।
वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति के कामता सिंह व एचएन सिंह शैक्षणिक विकास के लिए हरसंभव सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Response